आगरा में उफनती उटंगन नदी में तीन युवक डूबे, दो बचाए गए, एक की तलाश जारी
आगरा। शमसाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत उटंगन नदी में नहाने गए 10 युवकों में से तीन युवक अचानक तेज बहाव में डूब गए। इनमें से दो युवकों को तो अन्य युवकों ने सकुशल बचा लिया, जबकि एक युवक अब भी लापता है, जिसकी तलाश में गोताखोरों को लगाया गया है।
यह हादसा टूला शाहपुर गांव के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि पास की पार्वती नदी में जलस्तर बढ़ने से उटंगन नदी में उफान आ गया था, बावजूद इसके सभी युवक नदी में नहाने उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। लापता युवक के परिजन बेहाल हैं। नदी में उफान की वजह से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है।
गोताखोरों की मदद से लापता युवक को ढूंढ़ने का प्रयास जारी है। मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई है। नदी में डूबे युवक के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है।