मंडल में अब तक गेहूं ख़रीद लक्ष्य के 2.95 फीसदी ही, मंडलायुक्त ने कसे अधिकारियों के पेच

आगरा। इस वित्तीय वर्ष में सरकार आगरा मंडल में 1.53 मैट्रिक टन गेहूं की ख़रीद करेगी। हालांकि अभी तक केवल मंडल के 271 क्रय केंद्रों से सिर्फ 4509 मैट्रिक टन गेहूं ही खरीदा गया है। मंडल में मैनपुरी में गेहूं की सर्वाधिक खरीद हुई है, जबकि फिरोजाबाद फिसड्डी साबित हुआ है।

Apr 8, 2025 - 20:41
 0
मंडल में अब तक गेहूं ख़रीद लक्ष्य के 2.95 फीसदी ही, मंडलायुक्त ने कसे अधिकारियों के पेच
मंडलायुक्त कार्यालय के सभागार में कर- करेत्तर की अधिकारियों संग समीक्षा करते मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह।

मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज कर करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम आगरा मण्डल में गेहूं खरीद की समीक्षा की गयी। एडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक लक्ष्य का 2.95 प्रतिशत ही गेहूं खरीदा गया है।मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि गेहूं खरीद में ओवरऑल आगरा मण्डल की प्रगति अच्छी नहीं है। 

उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद की लक्ष्य पूर्ति हेतु इसी माह में उचित समय है। चारों जनपदों में जिलाधिकारी अपनी टीम को सक्रिय बनाएं। जिन केन्द्रों से अभी तक खरीद नहीं हुई है, उन केन्द्रों से खरीद की जाए। खासतौर से निष्क्रिय पड़े पीसीएफ केन्द्रों पर ध्यान दिया जाए। गेहूं खरीद में जो लक्ष्य दिया गया है, उसकी प्राप्ति करें। जिलाधिकारी अगले 10 दिनों तक प्रतिदिन इसकी समीक्षा करें। गेहूं खरीद की प्रतिदिन की रिपोर्ट से भी अवगत कराया जाए। 

बैठक जनपदवार कर करेत्तर मद में प्राप्त वसूली एवं वसूल की गयी धनराशि की समीक्षा की गयी। वाणिज्य कर में मथुरा में अच्छी वसूली की गयी, जबकि फिरोजाबाद में सबसे ज्यादा अवशेष धनराशि वसूल की जानी है। मंडलायुक्त ने जल्द वसूली किए जाने के निर्देश दिए। स्टाम्प व रजिस्ट्रेशन में भी मथुरा की प्रगति अच्छी रही। परिवहन एवं विद्युत में भी संतोषजनक प्रगति देखने को मिली। 

मंडलायुक्त ने खनिज की समीक्षा में निर्देश दिए कि जिन जनपदों में वसूली बची है, उसकी प्राप्ति करे। आयुक्त ने निर्देश दिए कि अवशेष का मिलान कर वसूली प्रमाण पत्र को पोर्टल पर लगातार अपडेट करते रहें। जिन प्रकरणों में वसूली नहीं हो पा रही है उसे वापस कर दें, अन्यथा वसूली की जाए।

समीक्षा में पाया गया कि राजस्व वादों की स्थिति में आगरा और मैनपुरी की रैकिंग में सुधार हुआ है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि फिरोजाबाद और मथुरा में वाद निस्तारण में सुधार लाया जाए। 5 वर्ष और 3 वर्ष से ऊपर अभी भी कई वाद लंबित है। प्रमुखता से उनका निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी न्यायालयों में लंबित वादों की भी समीक्षा की। पिछले तीन माह में मैनपुरी में सबसे ज्यादा 154 वादों का निस्तारण हुआ, जबकि आगरा में सबसे कम 17 वादों का निस्तारण हुआ है। 

बैठक के अंत में आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखें। कानून व्यवस्था बनी रहे। 

बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरून्मौली, जिलाधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी, जिलाधिकारी मथुरा सीपी सिंह, जिलाधिकारी फिरोजाबाद रमेश रंजन, जिलाधिकारी मैनपुरी अंजनी सिंह सहित सभी अपर जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी मौजूद रहे।