पीलीभीत टाइगर रिजर्व में अब आठ माह घूम सकेंगे पर्यटक, वीकेंड पर महंगा होगा प्रवेश शुल्क, एक नवंबर से 30 जून तक खुला रहेगा पीटीआर, चूका में हट और सफारी मार्गों को नए पर्यटन सत्र से पहले संवारने का काम तेज

-आरके सिंह- बरेली। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में जंगल की हरियाली, वन्यजीवों और चूका के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए पर्यटकों को इस बार अधिक समय मिलेगा। शासन ने आगामी पर्यटन सत्र की अवधि बढ़ाकर एक नवंबर से 30 जून तक कर दी है। यानी पर्यटक करीब आठ महीने तक पीटीआर की सैर कर सकेंगे। हालांकि शनिवार और रविवार को प्रवेश शुल्क सोमवार से शुक्रवार की तुलना में अधिक रखा जाएगा।

Sep 20, 2026 - 21:00
 0
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में अब आठ माह घूम सकेंगे पर्यटक, वीकेंड पर महंगा होगा प्रवेश शुल्क, एक नवंबर से 30 जून तक खुला रहेगा पीटीआर, चूका में हट और सफारी मार्गों को नए पर्यटन सत्र से पहले संवारने का काम तेज

बरेली के मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह ने पीटीआर के दौरे के बाद रविवार को बताया कि सामान्य तौर पर पर्यटन सत्र 15 नवंबर से 15 जून तक संचालित होता रहा है। इससे पहले वर्ष 2024-25 में पर्यटन सत्र छह नवंबर से शुरू हुआ था। अब शासन ने आगामी सत्र के लिए एक नवंबर से 30 जून तक की अवधि निर्धारित की है।

पीपी सिंह ने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक पीटीआर में निर्धारित प्रवेश शुल्क लिया जाएगा, जबकि शनिवार और रविवार को इससे अधिक शुल्क लिया जाएगा। हालांकि नए शुल्क की राशि उन्होंने नहीं बताई।

सफारी मार्गों और हटों को संवारने का काम तेज

एक नवंबर से पीटीआर खोलने का शासनादेश जारी होने के बाद रिजर्व प्रशासन ने नए पर्यटन सत्र की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पर्यटकों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ सफारी मार्गों, हटों और अन्य पर्यटन स्थलों की तैयारियां कराई जा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

चूका में नए पर्यटन सत्र की तैयारी

मानसून के बाद पीटीआर के चूका क्षेत्र में पर्यटकों की चहल-पहल फिर शुरू होने लगी है। चूका बीच पर्यटकों के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। यहां हटों, रेस्टोरेंट और साज-सज्जा से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। शुक्रवार को पीटीआर के फील्ड निदेशक एवं मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह ने चूका पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पर्यटन से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

चूका में वाटर हट और अरण्य कुटीर की मरम्मत एवं रंग-रोगन का काम पीटीआर प्रशासन करा रहा है। वहीं थारू हट और ट्री टॉप हट को नया रूप देने की जिम्मेदारी वन निगम को दी गई है। चूका बीच के साथ अन्य पर्यटन स्थलों और सफारी मार्गों को भी दुरुस्त कराया जा रहा है।

मुख्य वन संरक्षक एवं फील्ड निदेशक पीटीआर पीपी सिंह ने डीएफओ भरत कुमार डीक के साथ चूका बीच का भ्रमण किया। उन्होंने पर्यटन स्थलों और सफारी मार्गों पर चल रही तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नए पर्यटन सत्र के शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएंगी, ताकि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी रुद्र प्रताप सिंह, महोफ रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी सहेंद्र यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor