आगरा के बिरूनी गांव के पास दर्दनाक हादसा, गोमती एक्सप्रेस से गिरकर परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की मौत
आगरा के बरहन थाना क्षेत्र में बिरूनी गांव के पास गोमती एक्सप्रेस से गिरकर उन्नाव निवासी छात्र शिवम पासी की मौत हो गई। वह दिल्ली में परीक्षा देकर अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था। गिरने के बाद दोस्त ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई और घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आगरा। जनपद के बरहन थाना क्षेत्र में दिल्ली–हावड़ा रेल लाइन पर एक दर्दनाक हादसे में उन्नाव के छात्र की जान चली गई। घटना गांव बिरूनी के पास उस समय हुई, जब दिल्ली से परीक्षा देकर लौट रहा छात्र चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। मृतक की पहचान शिवम पासी (पुत्र मोहनलाल) निवासी वाजपेई खेड़ा, थाना बिहार, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवम अपने दोस्त शुभम के साथ दिल्ली में परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों उन्नाव स्थित अपने घर लौट रहे थे। वे गोमती एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन बिरूनी गांव के पास पहुंची, अचानक शिवम संतुलन खो बैठा और चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोस्त ने दिखाई सूझबूझ
शिवम के गिरते ही उसके मित्र शुभम ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवाया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंवलखेड़ा भिजवाया। हालांकि चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आगरा की मोर्चरी भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।