ट्रंप का ऐलान, वेनेजुएला की ऑइल इंडस्ट्री में कूदेगा अमेरिका,  वफादारों को धमकी

अमेरिका ने वेनेजुएला में हमले के कदम को जायज करार दिया है। अमेरिका की सरकार ने मादुरो के खिलाफ कथित ड्रग तस्करी, तेल चोरी और दूसरे आरोपों का हवाला दिया है।

Jan 3, 2026 - 21:31
 0
 ट्रंप का ऐलान, वेनेजुएला की ऑइल इंडस्ट्री में कूदेगा अमेरिका,  वफादारों को धमकी

 
वॉशिंगटन। वेनेजुएला में अमेरिका के हमले और वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के पकड़े जाने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपना आगे का इरादा बताया है। डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने का ऑपरेशन सफल रहा है। मादुरो और उनकी पत्नी को युद्धपोत से अमेरिका लाया जा रहा है, उन पर न्यूयॉर्क में मुकदमा चलेगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि वेनेजुएला में अब मादुरो के वफादारों के लिए कोई जगह नहीं है। मादुरो का समर्थन करने वालों पर अमेरिका फिर से हमला करेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने वेनेजुएला की ऑइल इंडस्ट्री में कूदने का भी ऐलान किया है।

फॉक्स न्यूज से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अब वेनेजुएला के तेल उद्योग में ना सिर्फ दखल देगा बल्कि पूरी मजबूती से शामिल होगा। ट्रंप ने कहा, 'अमेरिकी एनर्जी कंपनियां वेनेजुएला के तेल सेक्टर में बड़ी भूमिका निभाएंगी। हमारे पास दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनियां हैं। हम इसमें बहुत ज़्यादा शामिल होने वाले हैं।'  
 
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप काफी समय से वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर आरोप लगाते रहे हैं कि वो अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी और अपराध फैलाने में शामिल हैं। हालिया दिनों में अमेरिका ने कई दफा वेनेजुएला के टैंकरों को निशाना बनाया। इसके बाद शनिवार को अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमला कर दिया और मादुरो को पकड़ लिया।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि ट्रंप प्रशासन ने मादुरो को बार-बार चेतावनी दी थी। हमने साफ किया था कि ड्रग तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारा रुख साफ है कि ड्रग तस्करी बंद होनी चाहिए और चोरी का तेल अमेरिका को वापस किया जाना चाहिए। हमने इसके लिए कड़े कदम उठाए हैं।

वेंस ने कहा कि मादुरो यह जानने वाले सबसे नए व्यक्ति हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप जो कहते हैं, वही करते हैं। अमेरिकी ऑपरेशन की आलोचना का जवाब देते हुए वेंस ने कहा कि मादुरो पर अमेरिका में नार्को-टेररिज्म के लिए आरोप हैं। अमेरिका में ड्रग तस्करी के लिए न्याय से कोई भी बच नहीं सकता है।