खामेनेई हमारे लिए बहुत ही आसान टारगेट - ट्रंप

वाशिंगटन।  अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि हमें अच्छे से पता है कि ईरान के सुप्रीम लीडर कहां छिपे हुए हैं। ट्रंप ने खामेनेई को धमकी देते हुए कहा कि वो हमारे लिए एक बहुत ही आसान टारगेट हैं।

Jun 18, 2025 - 06:05
 0
खामेनेई हमारे लिए बहुत ही आसान टारगेट - ट्रंप


संयुक्त राष्ट्र अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'हमें अच्छे से पता है कि ईरान के तथाकथित सुप्रीम लीडर कहां छिपे हैं। वो हमारे लिए एक बहुत ही आसान टारगेट हैं, लेकिन फिलहाल वो सुरक्षित हैं क्योंकि अभी हम उन्हें मारना नहीं चाहते हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'हम अभी उन्हें मारना नहीं चाहते हैं, लेकिन हम यह भी नहीं चाहते हैं कि हमारे नागरिकों और अमेरिकी सैनिकों पर मिसाइलें दागीं जाएं। हमारा सब्र अब खत्म होता जा रहा है।

यह पहला मौका नहीं है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को धमकी दी है। इजरायल में लगातार हमला कर रहे ईरान से ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि अगर ईरान किसी भी तरह से अमेरिकी नागरिकों या अमेरिकी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाता है तो अमेरिकी सेना अपनी पूरी ताकत और सामर्थ्य से ईरान को सबक सिखाएगी। अमेरिकी सेना ईरान पर ऐसा हमला करेगी, जैसा उसने न कभी सोचा होगा और न कभी देखा होगा।

 इजरायल ने ईरान के परमाणु प्रोग्राम को अपना निशाना बनाया। इसके अलावा इजरायली सेना के एक अधिकारी ने कहा कि इजरायली सेना ने ईरान ने 10 टॉप न्यूक्लियर साइंटिस्ट को मार गिराया है।
इजरायली सैन्य अधिकारी ने कहा कि यह सभी वैज्ञानिक ईरान के परमाणु प्रोग्राम को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। अब इजरायली सेना के हमले में ईरान के टॉप 10 न्यूक्लियर साइंटिस्ट की मौत से ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को जोरदार झटका लगा है।


बिना शर्त सरेंडर करे ईरान - ट्रंप

इजरायल और ईरान के संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर पूरी तरह से भड़क गए हैं। ट्रंप ने ईरान को दो टूक बिना किसी शर्त के सरेंडर करने की धमकी दी है। ट्रंप ने इस मैसेज के जरिए ईरान को इशारों में कह दिया है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह से खत्म कर दे। ट्रंप का यह मैसेज ऐसे समय पर सामने आया है कि अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत बेहद तनावपूर्ण दौर में चल रही है।