ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क की दिनदहाड़े हत्या, अमेरिका मे झुका रहेगा ध्वज

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना बुधवार को उस समय हुई जब वह यूटा विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित कर रहे थे। किर्क की हत्या पर पूरे अमेरिका में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हत्या से लोग काफी दुखी हैं और उन्होंने राजनीति से प्रेरित हिंसा पर रोक लगाने की मांग की है। किर्क एक मुखर दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट थे और अमेरिका में दक्षिणपंथी राजनीति करने वाले नेताओं में वह एक प्रमुख चेहरा थे। गोली चलाने के आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

Sep 11, 2025 - 07:14
 0
ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क की दिनदहाड़े हत्या, अमेरिका मे झुका रहेगा ध्वज

किर्क की हत्या पर ट्रंप ने कहा कि 'महान, और वास्तव में दिग्गज, चार्ली किर्क अब हमारे बीच नहीं रहे। अमेरिका के युवाओं की आत्मा और दिल को चार्ली से बेहतर कोई नहीं समझता था। वह सबके प्यारे और प्रशंसनीय थे, विशेष रूप से मेरे। अब वह हमारे बीच नहीं हैं। मेलानिया और मेरी संवेदनाएं। हम उनकी पत्नी एरिका और उनके परिवार के साथ हैं। चार्ली, हम तुमसे प्यार करते हैं! चार्ली किर्क के सम्मान में, जो एक सच्चे महान अमेरिकी देशभक्त थे, मैं आदेश देता हूं कि रविवार शाम 6 बजे तक पूरे संयुक्त राज्य अमेरिका में सभी अमेरिकी झंडे आधे झुकाए जाएं।'
 
इस घटना पर एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने कहा कि आज हुए इस भयावह गोलीकांड में, जिसमें चार्ली किर्क की जान गई, उसके आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। यूटा की स्थानीय और राज्य प्राधिकरणों का एफबीआई के साथ साझेदारी के लिए धन्यवाद। जैसे ही संभव होगा हम अपडेट प्रदान करेंगे।

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि हमें अभी तक नहीं पता कि चार्ली किर्क को गोली मारकर हत्या करने वाले व्यक्ति की प्रेरणा क्या थी, लेकिन इस तरह की घृणित हिंसा का हमारे लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है। मिशेल और मैं आज रात चार्ली के परिवार के लिए प्रार्थना करेंगे। पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि हमारे देश में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। इसे अब समाप्त होना चाहिए। जिल और मैं चार्ली किर्क के परिवार और प्रियजनों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।