संजय प्लेस में पार्किंग समस्या के समाधान के लिए दो और वर्टिकल पार्किंग बनेंगी, शासन ने जारी की पहली किश्त
आगरा। शहर के सबसे व्यस्त व्यवसायिक केंद्र संजय प्लेस में वर्षों से चली आ रही पार्किंग समस्या और उससे उपजे ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए नगर निगम आगरा ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत यहां दो मशीनीकृत वर्टिकल पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। शासन द्वारा पहली किश्त जारी होते ही नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिससे परियोजना के जल्द धरातल पर उतरने के संकेत मिल गए हैं।
संजय प्लेस में भारतीय स्टेट बैंक के सामने लगभग 2.28 करोड़ रुपये की लागत से और राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के सामने लगभग 1.76 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मशीनीकृत वर्टिकल पार्किंग स्थापित की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए शासन द्वारा पहली किश्त के रूप में 2.42 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगरा को वैश्विक शहर के रूप में विकसित करने के लिए अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह परियोजना शहर के यातायात प्रबंधन में मील का पत्थर साबित होगी।
भविष्य के शहर की दिशा में बड़ा कदम
पर्यटन नगरी आगरा में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव ने संजय प्लेस जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र में पार्किंग संकट को गंभीर बना दिया है। पार्किंग के अभाव में लोग सड़कों पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। वर्टिकल पार्किंग बनने के बाद सीमित स्थान में अधिक वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा किया जा सकेगा, जिससे सड़कें खाली होंगी और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू होगी।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
नगर निगम द्वारा निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा। परियोजना पूर्ण होने के बाद संजय प्लेस क्षेत्र में न केवल पार्किंग की समस्या समाप्त होगी, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।