उद्योग संवाद 2025: आगरा को गारमेंट, ब्रश और फूड प्रोसेसिंग हब बनाने की मांग तेज

आगरा। शहर के औद्योगिक परिदृश्य को नई दिशा देने और स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं व सुझावों को सरकार तक पहुंचाने की ऐतिहासिक पहल मंगलवार को ‘उद्योग संवाद: एमएसएमई पावर टॉक 2025’ के आमंत्रण पत्र विमोचन के साथ हुई। यह आयोजन 16 जुलाई को होटल होलीडे इन में एमएसएमई मंत्री राकेश सचान की उपस्थिति में होगा, जहां उद्यमी सीधे अपनी बात रख सकेंगे।

Jul 15, 2025 - 18:19
 0
उद्योग संवाद 2025: आगरा को गारमेंट, ब्रश और फूड प्रोसेसिंग हब बनाने की मांग तेज
करकुंज रोड स्थित भगत हलवाई पर ब्रज डेवलपमेंट फाउंडेशन, लघु उद्योग भारती और चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा आयोजित होने वाले उद्योग संवाद: एमएसएमई पावर टॉक 2025 के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते हुए संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, राजकुमार भगत, मनीष अग्रवाल, अनुज सिंघल, विकास चतुर्वेदी, उत्कर्ष अग्रवाल।

-एमएसएमई मंत्री राकेश सचान से संवाद को तैयार उद्यमी, पावर टॉक 2025 में उठेंगी बड़ी आवाजें

ब्रज डेवलपमेंट फाउंडेशन और लघु उद्योग भारती की संयुक्त पहल

करकुंज रोड स्थित भगत हलवाई पर हुए कार्यक्रम में ब्रज डेवलपमेंट फाउंडेशन, लघु उद्योग भारती और चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन की ओर से औद्योगिक नीति संवाद का बिगुल फूंका गया। आयोजन के संयोजक मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि यह केवल एक संवाद नहीं, बल्कि एक नीति-निर्माण प्रक्रिया की शुरुआत है।

ओडीओपी में नए उत्पादों की मांग, टीटीजेड क्षेत्र पर खास फोकस

संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार ने बताया कि आगरा पहले ही पेठा, फुटवियर और पच्चीकारी के लिए एक जिला-एक उत्पाद योजना में शामिल है। अब इस पावर टॉक के माध्यम से जरदोज़ी, ब्रश उद्योग और चांदी शिल्प को भी योजना में शामिल कराने की मांग उठेगी। साथ ही टीटीजेड क्षेत्र में गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार से नीति समर्थन की अपेक्षा जताई गई।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को मिल सकता है नया विस्तार क्षेत्र

चैंबर अध्यक्ष राजकुमार भगत ने कहा कि आगरा से 40–50 किलोमीटर दूर नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना है, जो विशेष रूप से मिठाई, मसाला, नमकीन, तेल और फ्लोर मिल जैसी इकाइयों को समर्पित होगा। यह पारंपरिक उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में खड़ा करने की दिशा में एक ठोस प्रयास होगा।

सिर्फ संवाद नहीं, नीति निर्माण का मंच बनेगा आयोजन

लघु उद्योग भारती के महा सचिव अनुज सिंघल ने बताया कि यह आयोजन केवल बातों का नहीं बल्कि नीतिगत निर्णयों का मंच बनेगा। विकास चतुर्वेदी ने कहा कि टीटीजेड क्षेत्र के लिए सरकार यदि अनुदान और प्रोत्साहन दे, तो यह क्षेत्र देश के औद्योगिक मानचित्र पर अग्रणी बन सकता है।

लीजेंड अवार्ड 2025 से सम्मानित होंगे एमएसएमई उद्यमी

कार्यक्रम में 11 उत्कृष्ट उद्यमियों को ‘लीजेंड अवार्ड 2025’ से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति के उत्कर्ष अग्रवाल ने बताया कि यह सम्मान उन उद्यमियों को दिया जाएगा जिन्होंने नवाचार, दीर्घकालिक योगदान और सामाजिक उत्तरदायित्व में मिसाल कायम की है।

SP_Singh AURGURU Editor