आगरा में बेखौफ रंगबाजी, ठेला लगाने वाले युवक पर लाठी-डंडों से हमला, पिस्टल से की ताबड़तोड़ फायरिंग
आगरा के नगला पदी इलाके में ठेला लगाने वाले युवक पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की। पीड़ित युवक किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। मुख्य आरोपी अजीत हत्या के मामले में पहले जेल जा चुका है और हाल ही में रिहा हुआ था। एक दिन पहले ट्रांसयमुना में हुई हत्या के बाद यह दूसरी बड़ी रंगबाजी की घटना है।
आगरा। आगरा में अपराधियों के हौसले एक बार फिर खुलेआम कानून को चुनौती देते नजर आए। नगला पदी के चारखंभा क्षेत्र में रंगबाजी का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद के बाद दबंगों ने सरेआम हिंसा और फायरिंग कर दहशत फैला दी।
घटना के अनुसार, शुक्रवार रात वेज बिरयानी की ठेल लगाने वाले राहुल का इलाके में रहने वाले दबंग युवक अजीत से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद शांत होता, इससे पहले ही शनिवार को अजीत अपने कई साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा और राहुल को घेर लिया।
लाठी-डंडों से हमला, फिर चली गोलियां
आरोप है कि हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों से राहुल की पिटाई की, इसके बाद अजीत ने पिस्टल निकालकर कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहुल किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला, जिससे उसकी जान बच सकी। फायरिंग के बाद आरोपी हवा में असलहे लहराते हुए फरार हो गए। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मौके से मिले कारतूस के खोखे
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
हत्या के मामले में जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अजीत का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह कई वर्ष पूर्व हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में रिहा होकर बाहर आया था। रिहाई के बाद से ही इलाके में उसकी दबंगई फिर से सिर उठाने लगी है।
एक दिन पहले ही ट्रांसयमुना में हुई थी हत्या
गौरतलब है कि शुक्रवार रात ट्रांसयमुना क्षेत्र में रंगबाज राज चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस अभी उस हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में जुटी ही थी कि नगला पदी में दूसरी रंगबाजी की घटना सामने आने से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस पर बढ़ा दबाव
लगातार सामने आ रही रंगबाजी की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अपराधी खुलेआम हथियारों के साथ घूम रहे हैं और पुलिस कार्रवाई का खौफ खत्म होता जा रहा है।