यूपी पावर टॉक 2025 : वेडिंग इंडस्ट्री और पर्यटन विकास पर मंथन, डिप्टी सीएम बोले- सरकार प्रतिबद्ध
आगरा। आगरा के होटल पीएल पैलेस में रविवार को हुए यूपी पावर टॉक 2025 में वेडिंग इंडस्ट्री और पर्यटन विकास पर गहन मंथन हुआ। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आश्वासन दिया कि वेडिंग सेक्टर और पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ठोस कदम उठा रही है, साथ ही सुरक्षा और जीएसटी दर कम कराने के लिए प्रस्ताव लाया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वेडिंग सेक्टर और पर्यटन उद्योग की असीम संभावनाएं हैं। व्यापारियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और देर रात अनावश्यक चेकिंग से उन्हें बचाया जाएगा।
यह कार्यक्रम यूपी वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा लघु उद्योग भारती, चैंबर ऑफ़ फ़ूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन और ब्रज डेवलपमेंट फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दीप जलाकर कर किया। विशिष्ट अतिथियों में फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर, चैंबर ऑफ़ फ़ूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता, वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के संरक्षक राजेश गोयल, आगरा टूरिज्म गिल्ड के अध्यक्ष अमूल्य कक्कड़, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, डॉ. पार्थ बघेल और संदीप उपाध्याय मौजूद थे। संयोजन किया वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ‘रावी’ ने।
परिचर्चा सत्र में वक्ताओं ने उत्तर प्रदेश में औद्योगिक और पर्यटन विकास की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।
उद्यमी पूरन डावर ने सुझाव दिया कि आगरा में डिज़्नीलैंड की तर्ज पर कृष्ण थीम पार्क बनाया जाए, जिससे ब्रज की लीलाओं का प्रदर्शन कर पर्यटकों को नया अनुभव दिया जा सके। अमूल्य कक्कड़ ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं। यदि सुरक्षा और रोमांचक गतिविधियों को बढ़ावा मिले तो यह क्षेत्र नई ऊंचाइयाँ छू सकता है।
विजय गुप्ता ने एमएसएमई क्षेत्र को 2047 के विकास रोडमैप में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आगरा की प्रगति के लिए टीटीजेड का ग्रहण हटना आवश्यक है। राजेश गोयल ने कहा कि वैवाहिक उद्योग में अपार संभावनाएं हैं और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक-धार्मिक धरोहर इसे और मजबूती देती है।
मनीष अग्रवाल रावी ने सरकार से मांग की कि उत्तर प्रदेश को वेडिंग डेस्टिनेशन स्टेट घोषित किया जाए और इस उद्योग पर लागू जीएसटी स्लैब को कम किया जाए।
सभी की बातें सुनने के बाद उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए भरोसा दिया कि वेडिंग सेक्टर पर लागू जीएसटी टैक्स स्लैब को कम करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार अगली जीएसटी काउंसिल मीटिंग में प्रस्ताव रखेगी।
कार्यक्रम में आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, आगरा टूरिज्म गिल्ड, आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ ही अमित गोयल, कमलप्रीत सिंह, रिचा भदौरिया, सनी गुप्ता, अनुज सिंघल, संजीव जैन, पंकज गोयल, तरुण अग्रवाल, विमल गोयल, सौरभ सिंघल आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं अनिल सविता, दिलीप कुमार और राकेश सक्सेना ने संभालीं।