आगरा में यूपी ट्रेड शो-2025 स्वदेशी मेला का शुभारंभ, स्थानीय कारीगरों को मिलेगी नई पहचान
आगरा। पचकुइयां स्थित जीआईसी ग्राउंड में आज यूपी ट्रेड शो–2025 स्वदेशी मेला का भव्य शुभारंभ हुआ। इस मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह आयोजन दीपावली पर्व से पूर्व स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से किया गया है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना और दुर्गा स्तुति के साथ हुई। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने सभी अतिथियों का पटका पहनाकर और पौधा भेंट कर स्वागत किया।
सीडीओ प्रतिभा सिंह ने जानकारी दी कि हाल ही में गौतमबुद्ध नगर (ग्रेटर नोएडा) में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 2200 से अधिक स्टॉल उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों से आए उद्यमियों और हस्तशिल्पियों द्वारा लगाए गए थे। इस मेले में 85 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और रूस पार्टनर देश रहा। ट्रेड शो के दौरान ₹1000 करोड़ से अधिक की व्यावसायिक पूछताछ (इंक्वायरी) प्राप्त हुई थी।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ग्रेटर नोएडा में ट्रेड शो का उद्घाटन किया गया था, जिसकी सफलता के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जनपदों में स्वदेशी मेलों के आयोजन की घोषणा की। उसी क्रम में आज आगरा में स्वदेशी मेला आयोजित किया गया है, जो 09 से 18 अक्टूबर तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को विपणन का मंच मिलेगा, साथ ही जीएसटी दरों में की गई कमी का लाभ भी छोटे व्यापारियों और उपभोक्ताओं तक पहुंचेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे परिवार सहित इस मेले में आएं और दीपावली की खरीददारी में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें।
मेले में 80 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें स्थानीय उद्यमियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और विभागीय योजनाओं से लाभान्वित इकाइयों द्वारा उत्पादों का प्रदर्शन किया गया है। साथ ही 10 स्टॉल विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत व्यापार मॉडल और फ्रेंचाइज़ी मॉडल को भी प्रस्तुत किया गया है।
प्रमुख स्वदेशी उत्पादों में आगरा का पेठा और लैदर प्रोडक्ट्स, लखनऊ की चिकनकारी, मुरादाबाद के पीतल बर्तन, मैनपुरी की जरदोजी, मथुरा की ठाकुर जी की पोशाकें, कन्नौज का इत्र, हाथरस की हींग, और फिरोजाबाद की चूड़ियाँ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त खादी विभाग और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को भी दर्शाया गया है।
केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि भारत की समृद्धि का रास्ता एमएसएमई सेक्टर से होकर जाता है। उन्होंने बताया कि यूपी के हर जिले का एक विशिष्ट उत्पाद है, जिसे ओडीओपी के तहत वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेला भ्रमण कर स्थानीय उत्पादों की खरीद करें।
कार्यक्रम को राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति, डॉ. बबीता सिंह चौहान, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विजय शिवहरे, राजकुमार गुप्ता और प्रशांत पौनिया ने भी संबोधित किया और स्वदेशी को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, सीडीओ प्रतिभा सिंह के अलावा संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, डीसी मनरेगा रामायण यादव, डीसी एनआरएलएम राजन राय, पीडीडीआरडीए रेनू कुमारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।