उर्फी जावेद नहीं जा पाईं कान्स फिल्म फेस्टिवल में, वीजा हो गया रिजेक्ट
मुंबई। टीवी एक्ट्रेस और अपने फैशन के लिए फेमस उर्फी जावेद फ्रांस में कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेरने वाली थीं, लेकिन उन्होंने बताया कि उनका वीजा रिजेक्ट हो गया है। उनका दर्द सोशल मीडिया पर छलका है। वो और उनकी टीम बहुत निराश है। लेकिन उन्होंने इस रिजेक्शन को पॉजिटिव लेते हुए और मेहनत करने की बात कही है।
उर्फी ने इंस्टाग्राम पर लंबा-चौड़ा पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा, 'मैं कुछ भी अपलोड नहीं कर रही थी या कहीं भी नहीं देखी गई, क्योंकि मैं एक दौर से गुजर रही थी। मेरा बिजनेस काम नहीं कर रहा था, मैंने कई अन्य अलग-अलग चीजों की कोशिश की, लेकिन सिर्फ रिजेक्शन का सामना करना पड़ा।' उर्फी ने अपने पोस्ट के कैप्शन में भी लिखा है, 'रिजेक्शन आपको परिभाषित नहीं करता है। ये इस बात पर निर्भर करता है कि आप उस स्थिति से क्या सीखते हैं।'
उर्फी आगे बताती हैं, 'मुझे कान्स जाने का मौका मिला, लेकिन किस्मत ने मेरा वीजा रिजेक्ट कर दिया। मैं कुछ अजीबोगरीब आउटफिट आइडिया पर काम कर रही थी। मेरी टीम और मैं बहुत निराश थे। मुझे यकीन है कि आप में से बहुत से लोग खुद रिजेक्शन से गुजर रहे होंगे और मुझे आपकी कहानियां जानना अच्छा लगेगा। आइए एक-दूसरे का समर्थन करें और एक-दूसरे को आगे बढ़ाएं। रिजेक्शन दुनिया का अंत नहीं हैं, यह केवल आपको और ज्यादा मेहनत करने के लिए प्रेरित करती हैं।'