कन्नड़ के दिग्गज एक्टर अनंत नाग को मिलेगा दादा साहेब फाल्के,  पीएम मोदी ने दी बधाई

कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को दादा साहब फाल्के अवॉर्ड 2024 से सम्मानित किया जाएगा। 

Sep 16, 2026 - 22:06
 0
कन्नड़ के दिग्गज एक्टर अनंत नाग को मिलेगा दादा साहेब फाल्के,  पीएम मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली।  हर साल भारतीय सिनेमा में अपने यादगार और बेहतरीन योगदान के लिए किसी न किसी कलाकार को दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया जाता है। इस अवॉर्ड को भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा अवॉर्ड माना जाता है। साल 2024 के लिए इस अवॉर्ड से कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को सम्मानित किया जाएगा। भारत सरकार ने इस अवॉर्ड के लिए 78 वर्षीय एक्टर के नाम का ऐलान किया है।

भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन होकर काम करने वाली मुख्य नोडल एजेंसी  प्रेस इन्फार्मेशन ब्यूरो  ने अनंत नाग की एक तस्वीर अपने एक्स हैंडल पर शेयर की और जानकारी देते हुए लिखा, 'दादा साहब फाल्के पुरस्कार 2024 श्री अनंत नाग को दिया जाएगा।'

आगे लिखा, 'भारत सरकार दादा साहब फाल्के पुरस्कार सेलेक्शन कमिटी की सिफारिश पर ये ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि अनंत नाग को इंडियन सिनेमा में उनके शानदार सफर और योगदान के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कई जनरेशन को मोटिवेट किया है। ये अवॉर्ड केवड़िया, गुजरात में 22 सितंबर, 2026 को 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह में दिया जाएगा।'

अनंत नाग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, 'दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड मिलने पर लीजेंड्री अनंत नाग जी को बधाई। कई दशकों से भारतीय सिनेमा और खासकर कन्नड़ सिनेमा पर उनकी अद्भुत बहुमुखी प्रतिभा, शानदार काम और सहज एक्टिंग ने गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने अपने किरदारों में  गहराई और सच्चाई को दर्शाया. वो सच में इसके हकदार है।'

अनंत नाग दिग्गज एक्टर और पॉलिटिशियन हैं। अनंत नाग को कन्नड़ सिनेमा में अपने शानदार योगदान के लिए जाना जाता है। उनका जन्म 4 सितंबर 1948 को हुआ। उन्होंने अपने करियर में 300 से ज्यादा फिल्में की हैं। वो कन्नड़ के अलावा हिंदी, तेलुगू, तमिल, मराठी और मलयालम सिनेमा में भी काम कर चुके हैं।

साल 2025 में देश के तीसरे सबसे ऊंचे नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित हुए अनंत नाग का असली नाम अनंत नागरकट्टे है। 300 फिल्में कर चुके अनंत को घर-घर में लोकप्रियता दूरदर्शन के सीरियल 'मालगुडी डेज' से मिली थी। उन्होंने कन्नड़ स्टार यश की ब्लॉकबस्टर फिल्मों 'केजीएफ' और 'केजीएफ 2' में भी काम किया था।