ताजमहल के भीतर ‘शिव तांडव स्तोत्र’ का वीडियो वायरल, एएसआई जांच में जुटा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
आगरा। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल (Taj Mahal) एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। इस बार वजह प्रेम की नहीं, बल्कि धार्मिक पाठ और शिव तांडव स्तोत्र का वायरल वीडियो है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में बाल विदुषी लक्ष्मी को ताजमहल के मुख्य परिसर में “शिव तांडव स्तोत्र” का पाठ करते हुए देखा जा सकता है।
आगरा। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। इस बार वजह प्रेम की नहीं, बल्कि धार्मिक पाठ और शिव तांडव स्तोत्र का वायरल वीडियो है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में बाल विदुषी लक्ष्मी को ताजमहल के मुख्य परिसर में “शिव तांडव स्तोत्र” का पाठ करते हुए देखा जा सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों के होश उड़ गए हैं। अधिकारियों के अनुसार किसी भी संरक्षित विरासत स्थल पर धार्मिक अनुष्ठान या पूजा-पाठ करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। एएसआई ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
बाल विदुषी लक्ष्मी ने कहा कि “यह ताजमहल नहीं, तेजोमहालय है।” वीडियो में लक्ष्मी यह कहते हुए नजर आ रही हैं। “ऐसा मकबरा जिसमें कमल के पुष्प हैं, जिसके पास में नदी पाई गई... नमः शिवाय। जैसा कि आप सभी जानते हैं, 31 अक्टूबर 2025 को ‘The Taj Story’ मूवी रिलीज़ हो रही है, जिसमें परेश रावल जी ने मुख्य किरदार निभाया है। यह फिल्म बताएगी कि ताजमहल वास्तव में तेजोमहालय, भगवान शिव का प्राचीन मंदिर है। भोलेनाथ की कृपा से मुझे जीवन में पहली बार तेजोमहालय के दर्शन का अवसर मिला।”
‘द ताज स्टोरी ’ मूवी को लेकर नया विवाद
लक्ष्मी के इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। आने वाली फिल्म ‘द ताज स्टोरी ’ पहले से ही विवादों में रही है, क्योंकि इसमें ताजमहल को शिव मंदिर ‘तेजोमहालय’ के रूप में दिखाया गया है। इस बयान के बाद फिल्म को लेकर धार्मिक और ऐतिहासिक विवाद और गहरा गया है।
सुरक्षा और अनुमति प्रक्रिया पर सवाल
इस घटना के बाद ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और एएसआई की अनुमति प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद धार्मिक पाठ का वीडियो परिसर के भीतर कैसे रिकॉर्ड हो गया। एएसआई अधिकारियों ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही तथ्य सार्वजनिक किए जाएंगे।