दुनिया के सामने आ रही तेज गर्मी की चुनौती, प्रशांत महासागर में बनेगा अल नीनो, तापमान में भारी बढ़ोतरी का खतरा
दुनिया के मौसम में बदलाव की एक अहम प्रणाली अल नीनो प्रशांत महासागर के तापमान और हवा के प्रवाह के उतार-चढ़ाव से जुड़ी हुई है। इसका असर भारत से लेकर अमेरिका तक देखा जाता है।
वॉशिंगटन। दुनिया को अगले साल तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। इसकी वजह प्रशांत महासागर में अल नीनो का बनना होगा। मौसम विज्ञान के एक्सपर्ट का कहना है कि प्रशांत महासागर में अल नीनो का बनना 2027 में ग्लोबल तापमान को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा सकता है। ऐसा होने पर साल 2027 पिछले तीन वर्षों के मुकाबले कहीं ज्यादा गर्म रहेगा। यह इसलिए चिंताजनक है क्योंकि बीते तीन वर्ष पहले ही सबसे गर्म साल रिकॉर्ड किए गए हैं।
द गार्जियन के मुताबिक, मौसम एजेंसियों और क्लाइमेट वैज्ञानिकों ने इस साल के आखिर में प्रशांत महासागर में अल नीनो बनने की संभावना जताई है। यह घटना 2027 में ग्लोबल तापमान को अब तक के सबसे ऊंचे रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा देगी। पूरी दुनिया में इसका सीधा असर देखने को मिलेगा।
एक्सपर्ट ने गार्जियन को बताया है कि अभी पक्के तौर पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी। फिलहाल कोई दावा नहीं किया जा सकता लेकिन प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह के तापमान के फैलाव में ऐसे संकेत मिले हैं, जो बताते हैं कि 2026 में अल नीनो बन सकता है।
अमेरिकी सरकार के नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन और ऑस्ट्रेलिया के ब्यूरो ऑफ मेटियोरोलॉजी ने कहा है कि क्लाइमेट मॉडल अल नीनो का अनुमान लगा रहे हैं। दोनों एजेंसियों ने इसकी चेतावनी दी है। हालांकि दोनों के इस पर दावों में अनिश्चितताएं हैं।
प्रशांत महासागर में समुद्र के तापमान का चक्र दुनिया भर में मौसम की चरम घटनाओं से जुड़ा हुआ है। भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर के पूर्व में औसत से ज्यादा गर्म पानी इकट्ठा होकर अमेरिकी महाद्वीप के तट तक फैलता है तो इसे अल नीनो कहा जाता है। यह ग्लोबल तापमान को बढ़ाता है।
ऑस्ट्रेलिया के ब्यूरो ने कहा है कि कुछ मॉडल जून से अल नीनो के बनने की संभावना बता रहे हैं। अमेरिकी एजेंसी ने कहा है कि अल नीनो की संभावना बढ़ी हैं। क्लाइमेट साइंटिस्ट एंड्रयू वॉटकिंस ने कहा है कि हमारे पास पश्चिमी ट्रॉपिकल प्रशांत महासागर में बहुत सारा गर्म पानी जमा है।
न्यू साउथ वेल्स यूनिवर्सिटी में ईएनसीओ विशेषज्ञ एसोसिएट प्रोफेसर एंड्रिया टैशेटो ने कहा कि मौजूदा वक्त में ला नीना खत्म हो रहा है, जहां गर्म पानी ऑस्ट्रेलिया के करीब है। इस पर इससे आगे की भविष्यवाणी करना फिलहाल काफी मुश्किल है।
एंड्रिया ने आगे कहा कि जून से अगस्त में अल नीनो के विकसित होने या ईएनसीओ के न्यूट्रल रहने की संभावना फिलहाल लगभग 50/50 है। हालांकि यह होता है तो चिंता बढ़ेगी क्योंकि धरती पर पिछले तीन रिकॉर्ड पर सबसे गर्म तीन सालों में रहे हैं।