रक्षाबंधन पर महिलाओं को योगी सरकार का तोहफ़ाः 66 घंटे तक रोडवेज बसों में फ्री सफर कर सकेंगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सरकार ने 66 घंटे तक रोडवेज बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है। इस योजना का लाभ राज्य भर की सभी महिलाएं ले सकेंगी।

Aug 6, 2025 - 21:46
 0
रक्षाबंधन पर महिलाओं को योगी सरकार का तोहफ़ाः 66 घंटे तक रोडवेज बसों में फ्री सफर कर सकेंगी

- आठ अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त मध्य रात्रि तक महिलाओं को मिलेगी यह सुविधा

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्मप्रकाश अग्रवाल और सेवा प्रबंधक तुलाराम शर्मा ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के तहत यह योजना 08 अगस्त को सुबह 6 बजे से प्रारंभ होकर 10 अगस्त की मध्य रात्रि तक लागू रहेगी। इस दौरान सभी प्रकार की रोडवेज बसों- जनरथ, पिंक बस, अनुबंधित, एक्सप्रेस में महिलाएं बिना किसी किराए के यात्रा कर सकेंगी।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा आदेश जारी किए गए हैं, जिसके अनुसार सभी मंडलों को निर्देशित किया गया है कि महिला यात्रियों के लिए सुचारु रूप से बस सेवा संचालित की जाए तथा किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। निगम कर्मचारियों को यात्रियों के साथ सौम्य व्यवहार और सहायता करने के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि योगी सरकार ने बीते वर्षों में भी रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को फ्री यात्रा की सुविधा प्रदान की थी, जिसे व्यापक सराहना मिली थी। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी सरकार ने बहनों को यह उपहार दिया है।

रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों से मिलने जाती हैं। ऐसे में यह निर्णय न केवल आर्थिक राहत देगा, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा का भरोसा भी बढ़ाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor