टी20 का बड़ा उलटफेर, जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हरा कर गजब कर दिया
जिम्बाब्वे की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप बी मुकाबले में हराकर इतिहास रच दिया है। 2007 के बाद यह पहला मौका है जब ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे ने मात दी है।
कोलंबो। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रचते हुए जिम्बाब्वे की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को मात दे दी है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने बोर्ड पर 2 विकेट खोकर 169 रन लगाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 146 रन ही बना पाई और 23 रन से ये मुकाबला हार गई। इस टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे की यह लगातार दूसरी जीत है, वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम को अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा है।
170 रन का बचाव करने आई जिम्बाब्वे की टीम ने दूसरे ही ओवर से ऑस्ट्रेलिया पर हल्ला बोल दिया। ब्लेसिंग मुजारबानी ने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर जोश इंगलिस को 8 रन बनाने के बाद आउट कर दिया। वहीं इसके बाद कैमरन ग्रीन और टिम डेविड तो खाता तक नहीं खोल पाए। इसके बाद भी ऑस्ट्रेलिया की टीम के लगातार विकेट गिरते ही रहे और एक समय उनका स्कोर 29 रन पर 4 विकेट हो गया। यहां से ग्लेन मैक्सेवल (31) ने मैथ्यू रेनशॉ के साथ एक 50 रन से ज्यादा की पार्टनरशिप लगाई, लेकिन वो काफी नहीं थी। अंत में रेनशॉ भी 65 रन बनाकर आउट हो गए और यहां से जिम्बाब्वे के लिए जीत कुछ ही कदम दूर रह गई थी। जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजारबानी ने 4 और ब्रैड इवांस ने 5 विकेट हासिल किए।
इससे पहले ब्रायन बेनेट की नाबाद 64 रन की पारी की बदौलत जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुक्रवार को यहां टी20 विश्व कप मैच में दो विकेट पर 169 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। बेनेट ने 56 गेंदों पर 7 चौके लगाकर जिम्बाब्वे के लिए बड़े स्कोर की नींव रखी। जिम्बाब्वे ने 15 ओवर तक एक विकेट पर 125 रन बना लिए थे लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने अंतिम ओवरों में वापसी की और आखिरी पांच ओवरों में केवल 44 रन ही दिए।
विकेटकीपर तादिवानाशे मारुमानी (35) और रयान बर्ल (35) ने भी उपयोगी योगदान दिया, जबकि कप्तान सिकंदर रजा 13 गेंदों पर 25 रन बनाकर नाबाद रहे। जिम्बाब्वे के विकेट बचे हुए थे और वह जोखिम भरे शॉट खेल सकता था लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। उसकी पूरी पारी में सिर्फ एक छक्का लगा। पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजी आक्रमण में शुरुआत में धार की कमी दिखी और जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने इसका फायदा उठाया।
जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने एडम जांपा का भी अच्छी तरह से सामना किया। जांपा ने अपने चार ओवरों में 31 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। पहले बल्लेबाजी का न्यौता अपने वाले जिम्बाब्वे की पारी का मुख्य आकर्षण मारुमानी और बेनेट के बीच पहले विकेट के लिए 7.3 ओवरों में 61 रन की साझेदारी थी।
मारुमनी ने धीमी शुरुआत के बाद तीसरे ओवर में बेन ड्वार्शियस की गेंदों पर दो चौके और चौथे ओवर में ग्लेन मैक्सवेल पर तीन चौके लगाए। मैथ्यू कुहनेमैन के पांचवें ओवर में बेनेट ने दो चौके लगाए जिससे जिम्बाब्वे ने पावर प्ले में बिना किसी नुकसान के 47 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया को आठवें ओवर में सफलता मिली जब मार्कस स्टोइनिस ने मारुमानी को आउट किया। स्टोइनिस 16वें ओवर में अपनी ही गेंद पर बर्ल का कैच लेने की कोशिश में चोटिल हो गए और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। कैमरन ग्रीन ने 16वां ओवर पूरा किया और यह उनके लिए भाग्यशाली साबित हुआ, क्योंकि बर्ल आखिरी गेंद पर आउट हो गए।