क्रिकेट खेलते-खेलते बांह में दर्द उठा और जमीन पर गिर पड़ा 13 साल का किशोर, मौत, मैनपुरी के गांव में मातम

मैनपुरी। क्रिकेट खेलते समय अचानक दर्द उठा और देखते ही देखते 13 वर्षीय छात्र की जिंदगी थम गई। मैनपुरी जिले के बिछवा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह क्रिकेट खेल रहे एक किशोर की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान विराट सिंह (13) के रूप में हुई है, जो सहारा गांव निवासी सोमेंद्र सिंह चौहान का इकलौता पुत्र था। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह तीव्र हृदयाघात मानी जा रही है, हालांकि परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराए जाने से इंकार किए जाने के कारण वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है।

Feb 8, 2026 - 18:49
 0
क्रिकेट खेलते-खेलते बांह में दर्द उठा और जमीन पर गिर पड़ा 13 साल का किशोर, मौत, मैनपुरी के गांव में मातम
मृत बालक विराट की फाइल फोटो।

Top of Form

Bottom of Form

जानकारी के अनुसार, विराट सिंह विराट लहरा स्थित अनारा एजुकेशन एकेडमी में पढ़ता था। रविवार सुबह वह अपने दोस्तों के साथ घर के पास स्थित एक मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। खेल के दौरान जब विराट गेंदबाजी कर रहा था, तभी उसकी बांह में अचानक तेज दर्द उठा। दर्द के साथ ही वह जमीन पर गिर पड़ा और छटपटाने लगा। कुछ ही पलों में उसके शरीर की हरकतें बंद हो गईं।

साथी बच्चों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो तत्काल परिजनों को सूचना दी गई। परिवार के लोग आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल मैनपुरी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन परिजनों ने गहरे सदमे की स्थिति में पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसी कारण विराट की मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

विराट अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय और अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे सहारा गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों, रिश्तेदारों और परिचितों का तांता परिवार के घर लगा हुआ है, हर कोई स्तब्ध है कि हंसता-खेलता बच्चा पल भर में कैसे दुनिया से चला गया।

कम उम्र में खेलते समय अचानक मौत की यह घटना एक बार फिर बच्चों और किशोरों में बढ़ते स्वास्थ्य जोखिमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञ मानते हैं कि बिना किसी पूर्व लक्षण के होने वाले ऐसे मामलों की जांच बेहद जरूरी है।

SP_Singh AURGURU Editor