शमसाबाद में 150 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, एमवीआई क्लब की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में जोशीली भागीदारी
आगरा। स्वर्गीय श्री रविन्द्र कुमार जी एवं श्रीमती मंजू गुप्ता जी की पावन स्मृति में एमवीआई क्लब, शमसाबाद की ओर से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मां सरस्वती की अर्चना और ईश वंदना के साथ हुआ। आयोजन में करीब 150 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमवीआई क्लब के गवर्नर श्री अशोक कुमार गुप्ता और प्रथम वाइस गवर्नर श्री पी.एन. गुप्ता उपस्थित रहे। क्लब अध्यक्ष श्री आशीष आर्य के साथ श्री सुभाष चंद्र गुप्ता, श्री राहुल बन्देजिया, श्री रामकुमार गुप्ता, श्री निक्की गुप्ता, श्री आयुष गुप्ता और श्री मनीष गुप्ता सहित क्लब के अन्य सम्मानित सदस्य मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को सामने लाना और उन्हें ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी सामान्य ज्ञान और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को भी विकसित करते हैं।
एमवीआई क्लब के अध्यक्ष आशीष आर्य ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को अवसर देना समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे सुंदर नींव है। बच्चे ही समाज और देश का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सही मंच और अवसर उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।
आयोजन में उपस्थित लोगों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और एमवीआई क्लब के इस प्रयास की सराहना की। प्रतियोगिता में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल और प्रेरणादायी बना दिया।