आगरा की न्यू राजामंडी कॊलोनी में सड़क पर 20 फीट गहरा गड्ढा, सपा नेता ने यहीं पर फहराया तिरंगा

आगरा। स्वतंत्रता दिवस पर न्यू राजा मंडी कॉलोनी की सड़क पर बने करीब 20 फुट गहरे और 10 फुट लंबे गड्ढे ने शहर की बदहाल सड़कों की तस्वीर सामने ला दी। समाजवादी पार्टी के नेता और दक्षिण सीट के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल ने गड्ढे के पास पहुंचकर तिरंगा फहराया और इसे आगरा की बदहाल सड़क व्यवस्था के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध का माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, लेकिन आगरा जैसे विश्वप्रसिद्ध शहर में सड़कें गड्ढों में तब्दील हो रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसी आगरा की कल्पना की गई थी।

Aug 15, 2026 - 19:03
 0
आगरा की न्यू राजामंडी कॊलोनी में सड़क पर 20 फीट गहरा गड्ढा, सपा नेता ने यहीं पर फहराया तिरंगा
न्यू राजामंडी कॊलोनी में सड़क पर हुए गड्ढे पर तिरंगा फहराते सपा नेता विनय अग्रवाल।

गड्ढे पर तिरंगा फहराकर उठाए सवाल

विनय अग्रवाल को 15 अगस्त को सूचना मिली कि न्यू राजा मंडी कॉलोनी रोड पर करीब 20 फुट गहरा और 10 फुट लंबा गड्ढा हो गया है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गड्ढे के पास तिरंगा फहराया।

उन्होंने कहा कि आगरा ताजमहल के कारण पूरी दुनिया में पहचाना जाता है। ऐसे में शहर की सड़कों की यह स्थिति चिंता का विषय है। पिछले 15-20 दिनों से शहर में जगह-जगह गड्ढे दिखाई दे रहे हैं और बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो गई है।

अमेरिका-चीन से आगे निकलने की बात, सड़कें तक नहीं बन पा रहीं

विनय अग्रवाल ने कहा कि देश में अमेरिका और चीन को पीछे छोड़ने की बात होती है, लेकिन शहर में सड़क और पुल बनाना तो दूर, गड्ढे तक नहीं भरवाए जा पा रहे हैं। उन्होंने अच्छी गुणवत्ता की सड़कों के निर्माण पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विकास का दावा तभी सार्थक होगा, जब उसका असर जमीन पर दिखाई दे।

उन्होंने कहा कि आगरा को गड्ढों वाला शहर बनने से बचाने के लिए जिम्मेदार विभागों को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। सड़कों की मरम्मत और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर गंभीरता से काम किए जाने की जरूरत है।

विनय अग्रवाल ने कहा कि जेनरेशन-जी सामने आ चुकी है और इसके साथ जेनरेशन-अल्फा भी आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यही नई पीढ़ी आगे चलकर सत्ता परिवर्तन और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस दौरान हिमांशु यादव और भानु प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor