आगरा की श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के सेवा बेड़े में जुड़ा 20वां एसी ताबूत, अग्रवाल परिवार ने किया दान
आगरा। जनसेवा के लिए निरंतर कार्यरत श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के सेवा बेड़े में सोमवार को एक और एसी ताबूत शामिल हो गया। लाजपत कुंज निवासी स्वर्गीय एस. के. दास एडवोकेट की स्मृति में उनके परिजनों ने यह एसी ताबूत दान स्वरूप कमेटी को भेंट किया। ताजगंज स्थित विद्युत शवदाहगृह परिसर के सत्संग हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसी ताबूत कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल को सौंपा गया। इस दान के साथ ही कमेटी के पास अब कुल 20 एसी ताबूत उपलब्ध हो गए हैं, जिससे अंतिम यात्रा से जुड़ी सेवा और अधिक त्वरित एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जा सकेगी।
महासचिव राजीव अग्रवाल ने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में एसी ताबूतों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी से भी अधिक हो जाती है। ऐसे समय में अतिरिक्त एसी ताबूत उपलब्ध होना जनसेवा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल ने स्वर्गीय एस. के. दास एडवोकेट के परिजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में संवेदनशीलता और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि दानदाता परिवार का यह योगदान अनेक जरूरतमंद परिवारों के लिए कठिन समय में बड़ी सहायता साबित होगा।
कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बताया कि बढ़ती जनसेवा आवश्यकताओं को देखते हुए एसी ताबूतों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नए एसी ताबूत के जुड़ने से जरूरतमंद परिवारों को पहले से बेहतर और शीघ्र सेवा मिल सकेगी।
इस अवसर पर दानदाता परिवार की ओर से मंजूलता अग्रवाल, अनू गोयल, विनी मित्तल, अंशुल अग्रवाल, अजय अग्रवाल एवं अभय अग्रवाल उपस्थित रहे। वहीं बजाजा कमेटी की ओर से उपाध्यक्ष विष्णु गर्ग, प्रशांत गुप्ता, मनोज शर्मा, प्रमोद अग्रवाल, संजीव गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।