मोती कटरा में 2625वां महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव भव्यता के साथ शुरू, आस्था-भक्ति का ज्वार
आगरा। मोती कटरा स्थित श्री महावीर स्वामी दिगम्बर जैन मंदिर में 2625वें भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महामहोत्सव एवं रथोत्सव के प्रथम दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। आचार्यश्री चैत्य सागर महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में शनिवार, 28 मार्च को आयोजित इस भव्य आयोजन में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक आभा से सराबोर हो गया।
भव्य सजावट से सजा मंदिर, दिव्यता से दमका पूरा क्षेत्र
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों, आकर्षक विद्युत सज्जा और भव्य अलंकरण से सजाया गया था। आसपास के क्षेत्र में तोरण द्वार, धार्मिक ध्वजों और बैनरों की सजावट ने पूरे मोती कटरा को एक विशाल आध्यात्मिक उत्सव स्थल में परिवर्तित कर दिया।
अभिषेक और विधान से हुई दिन की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे नित्य नियम पूजन एवं भगवान महावीर स्वामी के अभिषेक से हुआ। इसके बाद प्रातः 7:30 बजे से 11 बजे तक पंडित ऋषभ जैन शास्त्री के निर्देशन में पंच परमेष्ठी विधान का भव्य आयोजन किया गया। मंत्रोच्चार, शांतिधारा और विधिवत पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
आचार्यश्री चैत्य सागर महाराज का प्रेरक संदेश
आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि यह महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक जागरण का माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पांच दिवसीय कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि 12 वर्षों बाद मोती कटरा को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जो गर्व का विषय है।
सायंकालीन कार्यक्रम में जीवंत हुईं धार्मिक झांकियां
सायंकाल संत निलय, जत्ती कटरा (तार की गली) में रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक तीर्थंकर बालक की माता के सोलह स्वप्न एवं गर्भ कल्याणक की भव्य क्रियाएं आयोजित की गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान महावीर के गर्भकालीन प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।
संगठित व्यवस्था और व्यापक सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अनंत कुमार जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर अनंत कुमार जैन, अजीत प्रसाद जैन, अरुण पाटनी, राकेश जैन पर्देवाले, मनोज जैन बल्लो, रविंद्र जैन, विनोद जैन, विकास जैन, जयंती प्रसाद जैन, पीयूष जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, हेमलता जैन, अरूणा जैन, शशि सेठी, अंतरा जैन, अंजना जैन, संध्या जैन सहित समस्त जैन समाज की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आयोजन समिति की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के चलते कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। महोत्सव के आगामी दिनों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिल रही है।