जोधपुर झाल पहुंचे फिशरीज साइंस के 40 विद्यार्थी, वेटलैंड की जैव विविधता और पारिस्थितिकी का किया अध्ययन

मथुरा। वेटलैंड यानी आर्द्रभूमि जलीय जैव विविधता और पक्षियों के संरक्षण के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इनके संरक्षण और वैज्ञानिक प्रबंधन की बारीकियां समझने के लिए वेटरनरी यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ फिशरीज साइंस के 40 स्नातक विद्यार्थियों ने जोधपुर झाल वेटलैंड का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने यहां वेटलैंड के पारिस्थितिकी तंत्र, खाद्य जाल, जलीय जीवों और जैव विविधता का प्रत्यक्ष अध्ययन किया। विशेषज्ञों ने उन्हें बताया कि आर्द्रभूमियों का वैज्ञानिक प्रबंधन पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ पक्षियों और जलीय जीवों के संरक्षण के लिए भी जरूरी है।

Nov 25, 2026 - 22:36
 0
जोधपुर झाल पहुंचे फिशरीज साइंस के 40 विद्यार्थी, वेटलैंड की जैव विविधता और पारिस्थितिकी का किया अध्ययन
जोधपुर झाल पहुंचे फिशरीज साइंस के विद्यार्थी।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और वन विभाग द्वारा विकसित जोधपुर झाल में आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बायोडायवर्सिटी रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी के ईकोलॉजिस्ट डॉ. के.पी. सिंह ने विद्यार्थियों को वेटलैंड पारिस्थितिकी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वेटलैंड का खाद्य जाल पक्षी वर्ग की लगभग 60 प्रतिशत प्रजातियों को आश्रय प्रदान करता है। आर्द्रभूमियां अनेक जीव-जंतुओं के लिए भोजन, प्रजनन और आवास का महत्वपूर्ण आधार हैं। इनके संरक्षण के लिए वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करना आवश्यक है।

डॉ. सिंह ने कहा कि फिशरीज साइंस के विद्यार्थियों की वेटलैंड प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। जलीय जीवों और उनके आवास की वैज्ञानिक समझ के आधार पर विद्यार्थी भविष्य में जैव विविधता संरक्षण तथा जल पारिस्थितिकी तंत्र को बेहतर बनाने में योगदान दे सकते हैं।

वेटलैंड से यमुना तक कराया जाएगा व्यावहारिक अध्ययन

कॉलेज ऑफ फिशरीज साइंस के डीन प्रो. नित्यानंद पांडेय ने बताया कि शैक्षणिक अध्ययन कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मथुरा जनपद के प्रमुख वेटलैंड्स, ऐतिहासिक कुंड, बैराज और यमुना नदी के जलीय जीवों के पारिस्थितिकी तंत्र से परिचित कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ क्षेत्रीय परिस्थितियों और जलीय पर्यावरण की वास्तविक चुनौतियों की जानकारी देना है।

उन्होंने बताया कि भविष्य में विद्यार्थियों को जल प्रदूषण नियंत्रण और प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक कार्यों से भी जोड़ा जाएगा, ताकि वे जल स्रोतों के संरक्षण और प्रदूषण की समस्याओं के समाधान में अपनी भूमिका निभा सकें।

फील्ड विजिट से निखरेगा विद्यार्थियों का कौशल

कॉलेज के प्रवक्ता अंबरीश सिंह ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ फील्ड विजिट विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल को विकसित करने के लिए आवश्यक है। जोधपुर झाल जैसे समृद्ध वेटलैंड का प्रत्यक्ष अध्ययन करने से विद्यार्थियों को जलीय जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन को गहराई से समझने का अवसर मिलता है। यह अनुभव उन्हें भविष्य में कुशल मत्स्य वैज्ञानिक और पर्यावरण संरक्षक बनने में मदद करेगा।

शैक्षणिक भ्रमण में कॉलेज की प्रवक्ता साक्षी मौर्या, विनोद कुमार तथा वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor