आगरा के सहदेव नगर में सैन्यकर्मी के घर 40 लाख की चोरी
आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के दहतोरा मोड़ स्थित सहदेव नगर में चोरों ने भारतीय थल सेना के हवलदार के घर से लाखों रुपये के जेवरात और नक़दी पार कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस चोरों की खोजबीन में जुट गई है।
पुलिस चोरों की तलाश में खंगाल रही क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज
सहदेव नगर में भारतीय थल सेना के हवलदार दिनेश सिंह पुत्र स्व. नाथूराम अपने परिवार के साथ रहते हैं। बीते दिन वह अपने परिवार के साथ पैतृक गांव जनूथा गए थे। घर का ताला बंद था और घर में कोई नहीं था।
पुलिस को दिनेश सिंह ने बताया कि आज वह अपने परिवार के साथ घर लौटे तो उन्हें ताला टूटा मिला और खिड़कियां कटी हुईं थी। इसे देखकर वह बदवाहस अंदर घुसे तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। अलमारियों में रखा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था।
दिनेश ने चोरी की सूचना तुरंत पुलिस को दी। चोर उनके घर से सोने की अँगूठी, करघनी, हार, चैन, हथफूल क़रीब आठ-दस लाख रुपये के सोने-चाँदी के आभूषण और करीब 35000 नगदी चुरा कर ले गए हैं।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।