आज आगरा में लगाए जा रहे 56 लाख पौधे, हरा-भरा हो रहा जिला, मंत्री-विधायकों व अफसरों ने भी रोपे पौधे

आगरा। पौधारोपण महाअभियान-2025 के तहत बुधवार को जनपद में रिकॉर्ड तोड़ 56 लाख से अधिक पौधे रोपित किए गए। विभागवार निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप वृक्षारोपण कर जनपद को हरियाली की ओर अग्रसर किया गया। मुख्य कार्यक्रम आवास विकास सेक्टर-09 स्थित नगर निगम पार्क में हुआ, जहां प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेष वृक्षारोपण अभियान संचालित किया गया।

Jul 9, 2025 - 14:16
 0
आज आगरा में लगाए जा रहे 56 लाख पौधे, हरा-भरा हो रहा जिला, मंत्री-विधायकों व अफसरों ने भी रोपे पौधे
पौधारोपण महाअभियान-2025 के प्रदेशव्यापी अभियान के अंतर्गत बुधवार को आगरा में आवास विकास कॊलोनी सेक्टर नौ के पार्क में हुए वृक्षारोपण की कुछ तस्वीरें।

-वृहद वृक्षारोपण में सरकारी विभाग निभा रहे अहम भूमिका, आज शाम छह बजे तक होगा रिकॉर्ड वृक्षारोपण

आवास-विकास कॊलोनी में हुआ वृहद वृक्षारोपण

पौधारोपण महाअभियान-2025 के अंतर्गत मुख्य आयोजन आवास विकास कॉलोनी स्थित सेक्टर-9 के पार्क में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने पाखड़ का पौधा रोपकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर अभियान के नामित नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम, आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा एमएलसी विजय शिवहरे ने पारस पीपल के पौधे रोपे।

स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़ कर लगाए पौधे

उमस भरी गर्मी के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार पार्क में पहले से ही अधिकांश पौधों को गड्ढों में रख दिया गया था। अतिथियों ने उनके पास जाकर पौधों में मिट्टी डाली और उन्हें जल सिंचित किया।

मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस अवसर पर सभी लोगों से अपील की कि वे रोपे गए पौधों को केवल लगाकर न छोड़ें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं, तभी यह अभियान पूर्णतः सफल माना जाएगा।

विभागवार वृक्षारोपण की रिपोर्ट

वन विभाग ने मियावाकी पद्धति सहित 14,91,822 पौधों का रोपण कर सबसे बड़ी भागीदारी निभाई। ग्राम्य विकास विभाग ने 19,53,000 पौधे रोपकर ग्रामीण हरियाली को मजबूत किया। कृषि विभाग ने 7,80,000 पौध रोपित कर किसान हितों के साथ पर्यावरण रक्षा का संदेश दिया। उद्यान विभाग ने 2,40,000 फलदार पौधों का रोपण कर हरियाली के साथ पोषण की दिशा में भी योगदान दिया।

नगर विकास विभाग के अंतर्गत नगर निगम आगरा द्वारा 2,74,600 और अन्य नगरीय निकायों द्वारा 60,000 पौधे लगाए गए। पंचायतीराज विभाग ने 1,97,000 पौधे रोपित किए। पर्यावरण विभाग ने 1,85,000 पौधारोपण कर प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में अहम पहल की। राजस्व विभाग ने 1,63,000, जल शक्ति विभाग ने 25,200, जिसमें सिंचाई विभाग द्वारा 13,700 एवं नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति विभाग द्वारा 11,500 पौधारोपण किया गया।

उद्योग विभाग ने 21,400, सहकारिता विभाग ने 7,700, पशुपालन विभाग ने 9,400, रेशम विभाग ने 23,000 पौधे रोपे। स्वास्थ्य विभाग ने 15,000, माध्यमिक शिक्षा विभाग ने 12,000, बेसिक शिक्षा विभाग ने 22,900 और उच्च शिक्षा विभाग ने 34,500 पौधे लगाए। प्राविधिक शिक्षा विभाग ने 8,000, श्रम विभाग ने 5,600, परिवहन विभाग ने 5,300, रेलवे विभाग ने 16,000, रक्षा विभाग ने 9,000 और गृह विभाग ने 17,800 पौधे रोपित किए। विद्युत ऊर्जा विभाग ने 7,000, आवास विकास विभाग ने 12,000 और औद्योगिक विकास विभाग ने 11,000 पौधारोपण किया। अन्य विभागों द्वारा 11,000 पौधे रोपे गए।

5653 स्थलों पर चल रहा है वृक्षारोपण

डीएफओ ने बताया कि जनपद में कुल 5653 स्थलों पर वृक्षारोपण किया गया। इनमें ग्राम पंचायतें, ब्लॉक, तहसील, नगरीय निकाय क्षेत्र, विद्यालय, पार्क, सड़क किनारे, श्मशान भूमि, जलाशय किनारे सहित अन्य स्थान शामिल रहे। 22 वन नर्सरियों से 59 लाख पौधे विभिन्न विभागों को उपलब्ध कराए गए, जिनका शत-प्रतिशत उठान सुनिश्चित किया गया।

सुबह छह से शाम छह बजे तक है अभियान

वृक्षारोपण अभियान सुबह 6 बजे से शुरू हो चुका है और यह शाम 6 बजे तक चलना है। प्रत्येक घंटे कंट्रोल रूम को पौधारोपण की जियो टैग्ड फोटो और विवरण भेजा जा रहा है।

प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने इस अनुशासनबद्ध अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।

इससे पहले मंगलवार को प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग डॉ. हरिओम ने सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में वृक्षारोपण की तैयारियों को अंतिम रूप दिया था। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया था कि लक्ष्य के सापेक्ष पौधारोपण सुनिश्चित किया जाए तथा जीपीएस युक्त फोटो के साथ रिपोर्ट हर घंटे कंट्रोल रूम में भेजी जाए।

SP_Singh AURGURU Editor