आगरा के लोहकरेरा में 73 लाख रुपये से बनेगा 600 मीटर लंबा मार्ग, विधायक चौधरी बाबूलाल ने किया शिलान्यास
आगरा। फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड अछनेरा के ग्राम लोहकरेरा में 73 लाख रुपये की लागत से 600 मीटर लंबे मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजनांतर्गत बनने वाला यह मार्ग परिक्रमा मार्ग तक पहुंचेगा। शनिवार को विधायक चौधरी बाबूलाल ने ग्राम लोहकरेरा में आयोजित कार्यक्रम में निर्माण कार्य का शिलान्यास और भूमि पूजन किया।
विधायक प्रतिनिधि डॊ. रामेश्वर चौधरी ने बताया कि विकास कार्य शुरू होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क स्थापित होगा। मार्ग बनने से स्थानीय लोगों को परिक्रमा मार्ग तक पहुंचने में भी सुगमता होगी। विकास कार्य की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए विधायक चौधरी बाबूलाल का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने विधायक चौधरी बाबूलाल का साफा पहनाकर और माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।