80 साल के बुजुर्ग पर गिरी एक्स-रे मशीन, मौत: बरेली में भाजपा विधायक के अस्पताल में हादसे के बाद हंगामा, बाद में हो गया समझौता
-आरके सिंह- बरेली। नवाबगंज के भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य के आर्य अस्पताल में एक्स-रे कराने के दौरान 80 वर्षीय बुजुर्ग मिश्रीलाल के ऊपर एक्स-रे मशीन गिर गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बाद में परिवार ने पुलिस को लिखकर दिया कि वे किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते।
मृतक मिश्रीलाल शाहपुर गांव के रहने वाले थे। परिजनों के मुताबिक, पेट में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें आर्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को अस्पताल में उनका एक्स-रे कराया जा रहा था। इसी दौरान एक्स-रे मशीन उनके ऊपर गिर गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई।
एक्स-रे कक्ष से आईसीयू ले जाने का दावा
घटना के बाद मृतक की बेटी लीलावती ने अस्पताल के स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि एक्स-रे मशीन गिरने के बाद कर्मचारी उनके पिता को एक्स-रे कक्ष से आईसीयू में लेकर आए। वहां उनकी हालत बिगड़ती देखकर कर्मचारी वहां से चले गए। कुछ देर बाद मिश्रीलाल की बेड पर ही मौत हो गई।
लीलावती ने यह भी आरोप लगाया कि एक महिला कर्मचारी ने आईसीयू की बिजली सप्लाई बंद करा दी थी। उनका दावा था कि ऐसा इसलिए किया गया, ताकि परिवार को स्थिति समझ में आने तक संबंधित कर्मचारी वहां से निकल सकें। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
डिस्चार्ज करने को कहा, लगातार जांच कराने का आरोप
लीलावती ने घटना के तत्काल बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनके पिता की हालत लगातार बिगड़ रही थी। उन्होंने डॉक्टर से कई बार मिश्रीलाल को डिस्चार्ज करने के लिए कहा था, लेकिन उनके मुताबिक अस्पताल का स्टाफ लगातार उनकी जांचें कर रहा था।
लीलावती के अनुसार, मंगलवार को मिश्रीलाल ने उनसे कहा था कि डॉक्टर इतनी जांचें करा रहे हैं, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई थी कि कहीं इतनी जांचें ही उनकी जान न ले लें। बेटी के मुताबिक, उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह पिता से उनकी आखिरी बातचीत होगी।
पुलिस पहुंची, परिवार ने कार्रवाई से किया इनकार
घटना की सूचना मिलने के बाद सीओ नीलेश मिश्रा और इंस्पेक्टर अरुण श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने हंगामा कर रहे परिजनों को समझाने का प्रयास किया। घटना को लेकर अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि परिवार ने शुरुआत में घटना को लेकर कुछ बातें कही थीं, लेकिन बाद में पुलिस को लिखकर दिया कि एक्स-रे कराने के दौरान मिश्रीलाल की मौत हुई है और वे किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते। परिवार ने शव का अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
विधायक बोले- हादसा इत्तेफाक, स्टाफ की गलती नहीं
आर्य अस्पताल के संचालक और नवाबगंज से भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि मरीज बुजुर्ग थे और एक्स-रे कराने के दौरान उनकी मौत हुई। उन्होंने इसे महज इत्तेफाक बताया। डॉ. आर्य के मुताबिक, परिवार की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया और परिजनों ने स्वयं कार्रवाई से इनकार करते हुए शव अपने साथ ले लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन या किसी कर्मचारी की गलती से भी इनकार किया।