युद्ध के बीच ईरान ने भारत के लिए एयरस्पेस खोला, ऒपरेशन सिंधु में तेजी आएगी
तेहरान। ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध के आठवें दिन भारत के लिए एक राहतभरी खबर सामने आई है। ईरान ने आखिरकार भारत के लिए अपना एयरस्पेस खोल दिया है, ताकि भारत सरकार ऑपरेशन सिंधु के तहत अपने नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकाल सके।
-ईरान-इजराइल युद्ध अब खतरनाक स्तर पर, दोनों देश एक-दूसरे पर दाग रहे मिसाइलें
भारत सरकार के सूत्रों के अनुसार, अगले दो दिनों के भीतर लगभग एक हजार भारतीयों को एयरलिफ्ट कर स्वदेश लाया जाएगा। अभी तक भारतीय नागरिकों को आर्मेनिया और जार्जिया के ज़रिए बाहर निकाला जा रहा था, लेकिन अब ईरानी एयरस्पेस खुलने से निकासी अभियान में तेजी आ सकेगी।
ईरान में फंसे भारतीयों के परिजनों में भारी बेचैनी है। हालांकि भारत सरकार पहले ही ऑपरेशन सिंधु के तहत सैकड़ों भारतीयों की स्वदेश वापसी करा चुकी है। ऑपरेशन सिंधु के तहत भारतीय दूतावास तेहरान और तेल अवीव में लोगों को रजिस्ट्रेशन और मदद दे रहा है। फंसे भारतीयों की संख्या अनुमानित 5,000 से अधिक है।
इधर ईरान-इजराइल के बीच की जंग भी थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार शाम ईरान ने इजराइल के हाइफा शहर पर मिसाइल हमला किया, जिसमें 17 लोग घायल हो गए। इससे पहले सुबह ईरान ने बीर्शेवा शहर में माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस के पास बैलिस्टिक मिसाइल दागी। इस हमले में कई घरों को नुकसान हुआ और खड़ी कारों में आग लग गई। बीते दिन बीर्शेवा के एक अस्पताल पर मिसाइल हमले में 50 से अधिक लोग घायल हुए थे।
जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइली फाइटर जेट्स ने शुक्रवार को ईरान के करीब दर्जन भर सैन्य ठिकानों पर मिसाइलों की बौछार की। इन हमलों में कई बेस ध्वस्त कर दिए गए।
युद्ध की आग और तेज होती जा रही है और अब स्थिति खुली जंग में बदल चुकी है। दोनों देश लगातार मिसाइलें दाग रहे हैं, आम नागरिक चपेट में आ रहे हैं और युद्ध का दायरा बढ़ता जा रहा है। इस जंग से पूरे पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है और इसका असर भारत जैसे मित्र देशों पर भी दिख रहा है।