बदायूं में हादसाः कछला घाट गंगाजल लेने जा रहे कांवड़ियों की डीजे ट्रॉली में करंट आने से युवक की मौत, सात बच्चों समेत आठ कांवड़िये झुलसे
-आरके सिंह- बदायूं। गंगाजल लेने कछला घाट जा रहे कांवड़ियों की यात्रा शनिवार देर शाम दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी के पास डीजे लगी ट्रॉली के जनरेटर में अचानक करंट आने से आठ कांवड़िये झुलस गए। घायलों में सात बच्चे शामिल हैं। हादसे में 35 वर्षीय रोहित की मौत हो गई। करंट लगते ही ट्रॉली में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों में चीख-पुकार शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मृतक का पंचायतनामा कराकर पोस्टमार्टम कराया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम गौरा मई के कुछ श्रद्धालु डीजे लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कछला घाट गंगाजल लेने जा रहे थे। ट्रॉली के पीछे बच्चे खेल रहे थे और डीजे पर बज रहे गानों पर नाच रहे थे। इसी दौरान अचानक डीजे के जनरेटर में करंट आ गया और उसकी चपेट में आने से कई लोग झुलस गए।
बताया गया कि हादसे के समय ट्रॉली के पीछे बच्चे नाच रहे थे। अचानक करंट आने के बाद चिंगारी निकलने लगी और वहां मौजूद लोग घबरा गए। कुछ ही पल में आठ कांवड़िये करंट की चपेट में आ गए। इनमें सात बच्चे बताए गए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चे ट्रॉली के पीछे नाचते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद अचानक चिंगारी निकलती है और वहां अफरा-तफरी मच जाती है।
हादसे में 35 वर्षीय रोहित की मौत हो गई। कांवड़ यात्रा के दौरान हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया। अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक नगर क्षेत्र अभिषेक सिंह ने बताया कि शनिवार रात कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी में कुछ बच्चे डीजे ट्रॉली के पीछे खेल रहे थे और डांस कर रहे थे। इसी दौरान डीजे के जनरेटर में करंट आ गया, जिससे कुछ बच्चे झुलस गए। पुलिस ने तत्काल घायलों को स्थानीय स्तर से अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि घटना में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। मृतक का पंचायतनामा कराकर पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। घटना के बाद मौके पर शांति-व्यवस्था कायम है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।