उड़ान के कुछ देर बाद हादसा, कासगंज में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, घायल महिला ट्रेनी पायलट आगरा रेफर

उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। अलीगढ़ की फ्लाइंग ट्रेनिंग अकादमी से उड़ान भरने वाला एक ट्रेनिंग विमान कासगंज में पुलिस लाइन के पीछे बरेली-मथुरा (6-लेन) हाईवे के पास बिजली के तारों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान उड़ा रही महिला ट्रेनी पायलट कायनात गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। पुलिस, प्रशासन और तकनीकी विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Jun 29, 2026 - 17:52
 0
उड़ान के कुछ देर बाद हादसा, कासगंज में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, घायल महिला ट्रेनी पायलट आगरा रेफर
हाईवे पर गिरा ट्रेनी विमान।

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा पुलिस लाइन के पीछे स्थित बरेली-मथुरा 6-लेन हाईवे के पास हुआ, जहां विमान अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के हाईटेंशन तारों से टकरा गया और सड़क किनारे जा गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान कुछ देर तक इलाके के ऊपर चक्कर लगा रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से नीचे आने लगा। देखते ही देखते विमान बिजली के तारों से टकराया, जिससे तेज आवाज हुई और विमान हाईवे किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

महिला ट्रेनी पायलट गंभीर घायल

विमान में केवल महिला ट्रेनी पायलट कायनात, पुत्री कादर खान सवार थीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अलीगढ़ स्थित फ्लाइंग ट्रेनिंग अकादमी से नियमित प्रशिक्षण उड़ान के तहत टेकऑफ किया था। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। विमान के मलबे को सुरक्षित किया जा रहा है ताकि तकनीकी जांच में किसी तरह की बाधा न आए।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि विमान का संतुलन बिगड़ने के बाद वह बिजली के तारों से टकराया, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। तकनीकी खराबी, मौसम, इंजन फेल होने या किसी अन्य कारण की संभावना को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की सही वजह सामने आ सकेगी।

अलीगढ़ की फ्लाइंग ट्रेनिंग अकादमी से भरा था उड़ान

जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ स्थित चेतक एविएशन डीजीसीए से मान्यता प्राप्त फ्लाइंग ट्रेनिंग अकादमी है। यहां पायलट प्रशिक्षण के लिए मुख्य रूप से Cessna 172 और Cessna 152 जैसे हल्के प्रशिक्षण विमान इस्तेमाल किए जाते हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान इनमें से कौन-सा मॉडल था।