फर्जी आधार से खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम उड़ाने वाला आरोपी बरेली में गिरफ्तार

-आरके सिंह- बरेली। बरेली में साइबर ठगी के मामले में फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी आधार कार्ड के जरिए बैंक खाते खुलवाकर उनमें साइबर ठगी की रकम मंगाने और रकम निकालकर आपस में बांटने के बाद खर्च करने में शामिल था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रफीक पुत्र अनीस खां, निवासी धनतिया के रूप में हुई है।

Aug 23, 2026 - 17:35
 0
फर्जी आधार से खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम उड़ाने वाला आरोपी बरेली में गिरफ्तार
बरेली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया साइबर ठग।

फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि साइबर ठगी के मामले में दो अगस्त को फतेहगंज पश्चिमी थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में शेरनगर निवासी मोहम्मद जफर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर चुकी है।

थाना प्रभारी के अनुसार रविवार को फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस की टीम ने मुकदमे में वांछित आरोपी रफीक को हाईवे से धनतिया जाने वाले मोड़ के पास कब्रिस्तान के निकट से गिरफ्तार किया।

फर्जी आधार से खुलवाए बैंक खाते

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रफीक ने बताया कि उसने मोहम्मद जफर और ताहिर की मदद से फर्जी आधार कार्ड तैयार कराकर बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों में साइबर ठगी से हासिल रकम मंगाई जाती थी। इसके बाद रकम निकालकर आपस में बांट ली जाती थी और उसे खर्च किया जाता था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 30 वर्ष है। उसके खिलाफ इज्जतनगर थाने में वर्ष 2016 में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 120बी, 420, 467 और 471 के तहत भी मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा फतेहगंज पश्चिमी थाने में दर्ज मौजूदा साइबर ठगी के मामले में भी वह वांछित था।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।

SP_Singh AURGURU Editor