आगरा में एसीई 2026 का आगाज, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने किया अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ, ढोल-नगाड़ों के बीच डॉ. गौरव मजूमदार ने संभाला अध्यक्ष पद का कार्यभार, डॉ. जयदीप मल्होत्रा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, देश-विदेश के एक हजार से अधिक विशेषज्ञ जुटे

आगरा। एसीई 2026 यानी एकेडमी ऑफ क्लिनिकल एम्ब्रायोलॉजिस्ट्स, इंडिया के 14वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ शनिवार को होटल आईटीसी मुगल में हुआ। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में देश-विदेश से आए एक हजार से अधिक विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों ने भाग लिया। सम्मेलन में एम्ब्रायोलॉजी के क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध, तकनीकों और चिकित्सा क्षेत्र में उनके उपयोग पर चर्चा हुई।

Aug 8, 2026 - 21:07
 0
आगरा में एसीई 2026 का आगाज, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने किया अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ, ढोल-नगाड़ों के बीच डॉ. गौरव मजूमदार ने संभाला अध्यक्ष पद का कार्यभार, डॉ. जयदीप मल्होत्रा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, देश-विदेश के एक हजार से अधिक विशेषज्ञ जुटे
होटल मुगल शेरेटन में शनिवार सायं एसीई 2026 का दीप जलाकर उद्घाटन करते केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल। साथ हैं एकेडमी ऑफ क्लिनिकल एम्ब्रायोलॉजिस्ट्स, इंडिया के पदाधिकारी।

एसीई-2026 के उद्घाटन समारोह में मौजूद देश-विदेश के चिकित्सक।

समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। आयोजन सचिव डॉ. केशव मल्होत्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. सुजाता रामकृष्णन ने अध्यक्ष पद का कार्यभार डॉ. गौरव मजूमदार को सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ नए अध्यक्ष का स्वागत किया गया।

एसीई इंडिया की निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. सुजाता रामकृष्णन, सचिव डॉ. परशुराम गोपीनाथ और अन्य पदाधिकारियों ने एम्ब्रायोलॉजी के क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध और तकनीकी विकास पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान और शोध को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में एसीई 2026 न्यूजलेटर का विमोचन किया गया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जयदीप मल्होत्रा को शॉल पहनाकर और स्मृति चिह्न प्रदान कर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

मंच पर एसीई की कोषाध्यक्ष डॉ. राजवी मेहता और डॉ. नवल शाह मौजूद रहे। आयोजन के अंत में डॉ. नवल शाह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. निहारिका मल्होत्रा, डॉ. अनुपम गुप्ता, डॉ. अम्बर गुप्ता, डॉ. किया पाराशर, डॉ. रजनी पचौरी, डॉ. मीनल जैन, डॉ. सुधा बंसल, डॉ. रिचा सिंह, डॉ. नीरजा सचदेव और डॉ. कृष्णा चैतन्य सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor