यूपी में पशु तस्करी पर एक्शन, लापरवाही में 2 इंस्पेक्टर समेत 24 पुलिसवाले लाइन हाजिर

 कुशीनगर में एडीजी गोरखपुर की बड़ी कार्रवाई हुई है। यहां एक साथ 24 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

Sep 19, 2025 - 19:20
 0
यूपी में पशु तस्करी पर एक्शन, लापरवाही में 2 इंस्पेक्टर समेत 24 पुलिसवाले लाइन हाजिर

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पशु तस्करों पर कार्रवाई में लापरपाही पाए जाने गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मुथा अशोक जैन के निर्देश पर दो प्रभारी निरीक्षकों समेत 24 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। एडीजी के बृहस्पतिवार देर रात निरीक्षण के बाद यह कार्रवाई की गयी। कुशीनगर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार जांच जारी है।

अपर पुलिस महानिदेशक मुथा अशोक जैन ने गोरखपुर लौटने के बाद कुशीनगर पुलिस प्रभारी को आदेश दिया कि तत्काल इन सभी पुलिसकर्मियों की पुलिस लाइन भेज दिया जाए। अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संतोष कुमार मिश्र का तबादला प्रदेश के पुलिस मुख्यालय कर दिया गया।  
 
उन्होंने बताया कि इसके बाद देर शाम एडीजी जैन ने कुशीनगर जिले में फोरलेन के सभी थानों व चौकियों का निरीक्षण किया और तैनात पुलिसकर्मियों से पशु तस्करों के खिलाफ की गयी कार्रवाइयों की जानकारी ली थी। गोरखपुर में पशु तस्करों के हाथों नीट की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता की हत्या के बाद एक्शन हुआ है।

एडीजी जोन गोरखपुर अशोक मुथा जैन ने कुशीनगर जनपद का दौरा किया है। दौरे के बाद मीटिंग ली और गोरखपुर लौट गए। गोरखपुर पहुंचने के लिए वायरलेस सेट पर उन्होंने कुशीनगर के 25 पुलिसकर्मियों को तत्काल लाइन में आमद करने का फरमान जारी कर दिया। गोरखपुर के बार्डर एरिया से लेकर बिहार बार्डर तक सभी थाने इस कार्रवाई की जद में शामिल हो गए।