बरेली में तौकीर रजा के दो और करीबियों पर कार्रवाई, बीडीए ने मैरिज हाल और जिम किए सील
-आरके सिंह- बरेली। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा खां के करीबियों पर बरेली प्रशासन और बीडीए का शिकंजा तेजी से कसता जा रहा है। गुरुवार को बरेली डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीडीए) की प्रवर्तन टीम ने इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी में अवैध निर्माणों पर एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुमताज अहमद के एसबी गार्डन मैरिज हाल और तस्लीम नामक व्यक्ति के आलीशान जिम को सील कर दिया। दोनों ही व्यक्ति बरेली हिंसा के दौरान सक्रिय भूमिका में रहे थे। कार्रवाई के समय मौके पर भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात रहे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुमताज अहमद मौलाना तौकीर रज़ा के बेहद करीबी माने जाते हैं। 26 सितंबर के बरेली बवाल में भीड़ जुटाने और हिंसा भड़काने में उसकी भूमिका सामने आई थी। जांच में यह भी सामने आया कि मुमताज ने फरीदापुर चौधरी में लगभग 3000 वर्गमीटर क्षेत्र में एसबी गार्डन मैरिज लॉन का निर्माण कराया था, जिसका नक्शा बरेली विकास प्राधिकरण से स्वीकृत नहीं कराया गया था। इसी आधार पर बीडीए टीम ने प्रशासनिक अनुमति और पुलिस सुरक्षा के बीच इस संपत्ति को सील कर दिया।
इसी क्षेत्र में स्थित तस्लीम नामक व्यक्ति का 2000 वर्ग मीटर में फैला जिम भी कार्रवाई की जद में आया। बताया गया कि तस्लीम की भी हिंसा में भूमिका रही थी और उसका जिम करीब पांच करोड़ रुपये की संपत्ति के बराबर है। बीडीए ने इसे भी अवैध निर्माण घोषित कर सीलिंग की कार्यवाही की। कार्रवाई के दौरान न तो तस्लीम और न ही उसका कोई कर्मचारी मौके पर मौजूद था।
बीडीए के विशेष कार्याधिकारी इंजीनियर अजीत कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को प्रवर्तन टीम ने जिला प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों अवैध निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के अंतर्गत की गई है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
बरेली प्रशासन के इस संयुक्त अभियान ने यह साफ संकेत दे दिया है कि मौलाना तौकीर रज़ा से जुड़े लोगों पर कानून का शिकंजा अब लगातार और कसने वाला है।