अभिनेता व कास्टिंग डायरेक्टर सुनील शाक्य नटरांजलि गौरव सम्मान से सम्मानित
आगरा। नटरांजलि थियेटर आर्ट्स द्वारा बॉलीवुड अभिनेता एवं कास्टिंग डायरेक्टर सुनील शाक्य को उनकी अभिनय यात्रा और फिल्म जगत में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए "नटरांजलि गौरव सम्मान" से सम्मानित किया गया। सिकंदरा स्थित एक स्थानीय रेस्टोरेंट में आयोजित सम्मान समारोह में संस्था के पदाधिकारियों ने उन्हें फूल-मालाएं, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
हाल ही में रिलीज हुई चर्चित हॉरर फिल्म 'हॉन्टेड 3डी' में सुनील शाक्य ने कास्टिंग डायरेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही थानेदार का सशक्त किरदार भी निभाया है। उनकी इस उपलब्धि को आगरा के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए नटरांजलि परिवार ने विशेष सम्मान प्रदान किया।
संस्था की निदेशक अलका सिंह शर्मा ने बताया कि सुनील शाक्य जब कक्षा 11 के छात्र थे, तभी से उन्होंने नटरांजलि थियेटर के बैनर तले रंगमंच की शुरुआत की थी। लगभग आठ वर्षों तक उन्होंने अनेक यादगार भूमिकाएं निभाईं, जिनकी अखिल भारतीय नाट्य समारोहों में सराहना हुई और उन्हें कई पुरस्कार भी प्राप्त हुए।
उन्होंने बताया कि सुनील ने वर्ष 2013 में बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने 'इश्क का रंग सफेद', 'एक शुभान अल्लाह', 'हैक्ड', 'इल्लीगल', 'अतिथि देवो भव:', 'शुक्राणु' तथा 'अभी बदनाम' जैसी फिल्मों और परियोजनाओं में कास्टिंग डायरेक्टर के रूप में अपनी पहचान बनाई।
सम्मान ग्रहण करने के बाद सुनील शाक्य ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और अपनी गुरु अलका सिंह शर्मा को दिया। उन्होंने कहा कि रंगमंच ने उन्हें अभिनय की मजबूत नींव दी, जिसकी बदौलत वह फिल्म उद्योग में अपनी पहचान बना सके।
सम्मान समारोह में रोहित कत्याल, लालाराम तैनगुरिया, पारुल भारद्वाज, रुपेन्द्र राणा, वर्षा दुबे सहित नटरांजलि थियेटर आर्ट्स के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।