ब्रज के वंशीवट में प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, 48 अवैध दुकानें और 21 कुटियाएं हटाकर अतिक्रमण पर कसा शिकंजा
मांट (मथुरा)। वंशीवट क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को तहसील प्रशासन ने पुलिस बल के साथ बड़ा अभियान चलाया। जेसीबी मशीनों की मदद से रास्तों और सार्वजनिक मार्गों पर कब्जा कर बनाई गई 48 अस्थायी दुकानों तथा 21 अवैध कुटियाओं को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा, जबकि पूरे अभियान के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
उपजिलाधिकारी मांट दीपिका मेहर के नेतृत्व में तहसील प्रशासन की टीम वंशीवट पहुंची। प्रशासनिक अमले और पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीन मौके पर पहुंचते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसडीएम के निर्देश पर मार्ग और रास्ते में बाधा उत्पन्न कर रही अस्थायी दुकानें, खोखे और अन्य अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। जेसीबी की सहायता से एक-एक कर सभी अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया।
अभियान के दौरान प्रशासन ने अतिक्रमण कर बनाई गई 21 अवैध कुटियाओं पर भी कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार इन कुटियाओं के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था, इसलिए उन्हें हटाकर रास्ता पूरी तरह खाली कराया गया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नायब तहसीलदार मांट आंचल सिंगला, नायब तहसीलदार नौहझील जितेंद्र, खंड विकास अधिकारी मांट अभिमन्यु सेठ, थाना प्रभारी मांट जसवीर सिंह, चौकी प्रभारी आकाश चौहान, राजस्व विभाग की टीम, खंड विकास कार्यालय की टीम तथा भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
उपजिलाधिकारी दीपिका मेहर ने बताया कि अभियान के तहत रास्तों और सार्वजनिक मार्गों में बाधा बन रही 48 अवैध दुकानों को हटाया गया है। इसके अलावा अतिक्रमण कर बनाई गई 21 अवैध कुटियाओं के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उन्हें ध्वस्त कराया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।