कान्हा के जन्म के बाद आगरा में निकाली गई शोभायात्रा, अतिथिवन में मना नंदोत्सव, सांस्कृतिक संध्या
आगरा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और नंदोत्सव पर्व पर आगरा में विभिन्न संस्थाओं व संगठनों द्वारा धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान शोभायात्राओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भक्तिमय झांकियों ने वातावरण को कृष्णमय बना दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने झूमकर भक्ति का उत्सव मनाया और पुष्पवर्षा से शोभायात्रा का स्वागत किया।
श्रीकृष्ण शोभायात्रा का गांव-गांव में पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
भगवान श्रीकृष्ण शोभायात्रा समिति ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म उपरांत भव्य शोभायात्रा निकाली। शुभारंभ महर्षि परशुराम मंदिर, सौ फुटा रोड इन्द्रापुरम, शमसाबाद रोड से हरी झंडी दिखाकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम अध्यक्ष नाहर सिंह यादव तथा संस्थापक अध्यक्ष चरण सिंह पहलवान रहे। शोभायात्रा सौ फुटा रोड से प्रारंभ होकर राजेश्वर मंदिर, बरौली अहीर, जयपुरिया कॉलोनी, अंसल टाउन, बगदा, लकावली होते हुए कलाल खेरिया, कुआखेड़ा, घड़ी नवलिया, महुआखेड़ा सहित कई गांवों से होकर गुज़री।
जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ। अलौकिक झांकियों की भक्तों ने आरती उतारी और भजन, पूजन व कीर्तन से वातावरण गूंजा। धार्मिक झांकियों के साथ सामाजिक संदेश देने वाली झांकियां भी शामिल हुईं।
समापन महुआखेड़ा स्थित महर्षि बाबा जादौदास मंदिर पर हुआ। मीडिया प्रभारी किसान नेता सोमवीर यादव ने कहा कि श्रीकृष्ण केवल लीला-पुरुष नहीं, वे योगेश्वर और धर्म के पुनर्स्थापक हैं।
शोभायात्रा में राजपाल यादव, चरण सिंह पहलवान, नाहर सिंह यादव, जेपी यादव, विवेक यादव, सोमवीर यादव, बहादुर सिंह प्रधान, देवेन्द्र यादव, कमलेश शास्त्री, श्याम पहलवान, राजकुमार यादव, खजान सिंह, रंजू यादव, भूप सिंह, सत्यप्रकाश पहलवान, पिन्टू यादव, श्रीनिवास यादव, हरिओम यादव, कमलजीत, अमित आदि मौजूद रहे।
अग्रवाल संगठन रामबाग में भक्ति भाव से मना नंदोत्सव
अग्रवाल संगठन रामबाग ने वॉटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में नंदोत्सव का आयोजन किया। मैया यशोदा ये तेरा कन्हैया..., बंसी बजेगी राधा नाचेगी..." जैसे भक्तिमय गीतों पर नृत्य व भक्ति रंगों से वातावरण सरोबार हो गया।
कार्यक्रम में जनकपुरी महोत्सव हेतु चुने गए महाराजा अग्रसेन व रानी माधवी के स्वरूप रामस्वरूप अग्रवाल व लीलावती को पटका, माला व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि रामप्रकाश अग्रवाल व नितेश अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान का स्वागत हुआ। अध्यक्ष निशा सिंघल ने कहा कि युवाओं को अपनी जड़ों व सनातन संस्कृति से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं।
मटकी सज्जा व राधा-कृष्ण नृत्य जैसी प्रतियोगिताओं में महिलाओं व बच्चों ने भाग लिया। व्यवस्थाएं राजेश अग्रवाल ने सम्भाली। इस अवसर पर नेहा, कृष्णा, प्रियंका, अदिति, पूजा, श्वेता, कीर्ति, हिमानी, शालू, शैफाली, सुनीता, जूली, रिंकी, श्रद्धा, गुंजन, पिंकी, पुष्पा, पूनम, प्रेमलता, रेनू आदि उपस्थित रहे।
राधारानी हाइट्स की सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने बिखेरा जादू
बिचपुरी रोड स्थित राधा रानी हाइट्स सोसायटी में स्वतंत्रता दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर वार्षिक “तरंग सांस्कृतिक संध्या” का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
बच्चों व सोसायटी सदस्यों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लगभग 50 प्रतिभागियों ने देशभक्ति गीतों व कृष्ण भजनों पर नृत्य कर समां बांधा।
सोसायटी अध्यक्ष आकाश सक्सेना ने बताया कि हम पिछले तीन वर्षों से यह कार्यक्रम लगातार कर रहे हैं। आयोजन में एसपी सिंह, राजेन्द्र सिंह, सुनील वर्मा, सतीश भार्गव, वैशाली लच्छवानी, पूजा शर्मा, वर्षा भगतानी, अंजली सक्सेना, गोपाल शर्मा, अमित सारस्वत, राम भाई, प्रदीप व अनिल शुक्ला का योगदान रहा।
मुख्य आकर्षण कवि सम्मेलन रहा, जिसमें मोहित सक्सेना, वाह-वाह फेम लटूर लट्ठ व कवयित्री निभा चौधरी ने अपनी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बच्चों ने आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर नाटक प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विशिष्ट अतिथि शिवसेना मंडल अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, भाजपा जिला महामंत्री संतोष कटारा व श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल की प्राचार्या वीणा सरपुल्ला ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।