विधायक के हस्तक्षेप के बाद निगमकर्मियों व दुकानदारों में समझौता, हड़ताल वापस  

आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र की सराय ख्वाजा सब्जी मंडी में नगर निगम की टीम और दुकानदारों के बीच हुए विवाद ने शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया है। सेनेटरी इंस्पेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने से आक्रोशित सफाई कर्मी लगातार दो दिन से हड़ताल पर हैं। इधर विधायक भगवान सिंह कुशवाह की पहल के बाद दुकानदारों और निगम कर्मचारियों में समझौता हो गया है। इसके तहत सभी आरोपियों को इस क्षेत्र से हटाया जाएगा। सेनेट्री इंसपेक्टर ने दुकानदारों से माफी भी मांगी है। बदले में उन पर से मुकदमा हटाने का वायदा किया गया है। शिव परिक्रमा को देखते हुए निगम प्रशासन पर हड़ताल समाप्त कराने का दबाव था। विधायक के हस्तक्षेप से विवाद का पटाक्षेप हो गया है।

Jul 19, 2025 - 13:54
 0
विधायक के हस्तक्षेप के बाद निगमकर्मियों व दुकानदारों में समझौता, हड़ताल वापस   
सफाईकर्मियों की दो दिन की हड़ताल से शहर में लगे कूड़े के ढेर।

-सराय ख्वाजा विवाद को लेकर दो दिन चली हड़ताल से शहर में लगने लगे थे कूड़े के ढेर

हड़ताल से शहर बना कूड़े का ढेर

शनिवार को भी सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी रही, जिससे आगरा के लगभग सभी मुख्य इलाकों में कूड़ा नहीं उठा। सुभाष नगर, अशोक विहार, भोगीपुरा, बल्केश्वर, केदार नगर, मानस नगर और सिकंदरा जैसे इलाकों में सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे हैं। खुले कूड़े को आवारा पशु इधर-उधर फैला रहे हैं।

सराय ख्वाजा विवाद बना हड़ताल की जड़

16 जुलाई को सराय ख्वाजा सब्जी मंडी में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम और दुकानदारों के बीच झगड़ा हो गया था। इसमें विधायक भगवान सिंह कुशवाह के चाचा समेत दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए थे। बवाल के बाद पुलिस ने सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप गौतम सहित 20 अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली, जिससे नाराज सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए।

समझौते की पहल में भाजपा विधायक ने निभाई भूमिका

शनिवार सुबह भाजपा विधायक भगवान सिंह कुशवाह की मौजूदगी में नगर निगम अधिकारियों, दुकानदारों और सफाईकर्मियों के बीच समझौते को लेकर बातचीत हुई। मीटिंग में सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप गौतम ने अपनी गलती स्वीकारते हुए माफी मांगी। इसके बदले विधायक पक्ष ने सेनेट्री इंसपेक्टर समेत सभी आरोपियों को इस क्षेत्र से हटाने और नई टीम तैनात करने की मांग की, जिसे अधिकारियों ने मान लिया।

हड़ताल समाप्ति की ओर, परिक्रमा से पहले सफाई की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों में समझौता हो गया है और मुकदमा वापसी की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है। इंस्पेक्टर प्रदीप गौतम ने सफाई कर्मियों से काम पर लौटने की अपील की है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि शिव परिक्रमा शुरू होने से पहले शनिवार शाम तक हड़ताल समाप्त हो सकती है।

SP_Singh AURGURU Editor