जिस उम्र में सपनों को पंख लगने थे, खेल-खेल में चली एयर गन की गोली ने छीन ली जिंदगी, 17 वर्षीय मोहित की मौत से परिवार में कोहराम
आगरा। थाना बसई अरेला क्षेत्र में शनिवार शाम एयर गन से चली गोली से घायल 17 वर्षीय मोहित पुत्र विनोद प्रजापति की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। मोहित को गोली लगने के बाद परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करेगी।
बच्चों के हाथ में पहुंच गई थी एयर गन
पुलिस के अनुसार, घटना 8 अगस्त की शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। गांव के कुछ लोगों ने फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए कुछ शिकारियों को गांव में बुलाया था। ये शिकारी गांव के बाहर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में रुके हुए थे। इसी मकान में जानवरों को भगाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली गजही बंदूक (एयर गन) रखी हुई थी।
बताया गया है कि इसी निर्माणाधीन मकान में कुछ बच्चे ट्यूशन पढ़ने के लिए भी आते थे। बच्चों ने कौतूहलवश एयर गन को हाथ में लेकर देखना और उससे खेलना शुरू कर दिया। इसी दौरान अचानक बंदूक चल गई और मोहित छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
उपचार के दौरान बिगड़ी हालत
पुलिस के मुताबिक फायरिंग में मोहित की बायीं जांघ में छर्रे लगे थे। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, गोली शरीर के संवेदनशील हिस्से में भी लगी थी और गंभीर चोटों के कारण मोहित को बचाया नहीं जा सका। हालांकि पुलिस की ओर से जारी प्रारंभिक जानकारी में बायीं जांघ में छर्रे लगने का उल्लेख किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चोटों और मृत्यु के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।
मोहित की मौत से परिवार में मचा कोहराम
17 वर्षीय मोहित की मौत से उसके परिवार में मातम छा गया। जिस घटना में वह घायल हुआ था, उसके बाद परिजन उसके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन देर रात उसकी मौत की खबर ने परिवार को तोड़ दिया। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और एयर गन वहां तक पहुंचने की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।