आगरा में पति के बाहर जाते ही घर में घुस आता था आरोपी, ब्लैकमेल कर महिला से वसूले लाखों रुपये
आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र से महिला उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर व चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि एक युवक बीते कई वर्षों से उसे अश्लील संदेश और फोन कॉल के जरिए मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी बदनामी और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उससे लगातार पैसों की मांग करता रहा और अब तक करीब 1 लाख 32 हजार रुपये वसूल चुका है।

पीड़िता के अनुसार आरोपी की पहचान सद्दामउद्दीन, निवासी छत्ता बाजार क्षेत्र, आगरा के रूप में हुई है। महिला ने बताया कि आरोपी ने उसका मानसिक और भावनात्मक शोषण किया और डर का माहौल बनाकर लंबे समय तक उसे चुप रहने पर मजबूर किया। आरोपी अक्सर यह धमकी देता था कि यदि उसने पैसे नहीं दिए तो वह उसे बदनाम कर देगा और उसके परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचाएगा।
महिला ने पुलिस को बताया कि जब भी उसका पति काम के सिलसिले में घर से बाहर जाता था, आरोपी जबरन उसके घर में घुस आता था। इस दौरान वह गाली-गलौज करता, जान से मारने की धमकी देता और पैसों की मांग करता था। आरोपी पैसे न देने की स्थिति में पति और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी देता था, जिससे पीड़िता भय के साए में जीने को मजबूर थी।
पीड़िता ने बताया कि 14 नवंबर 2025 की रात आरोपी ने जबरन घर में घुसकर दो लाख रुपये की मांग की। मना करने पर उसने महिला के साथ मारपीट की। जब बच्चों ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उनके साथ भी हाथापाई की। महिला ने आरोपी पर छेड़छाड़ करने और अश्लील हरकतें करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता का कहना है कि सामाजिक दबाव, बदनामी का डर और परिवार की सुरक्षा के चलते वह लंबे समय तक चुप रही, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों और बढ़ते अत्याचार के कारण आखिरकार उसने पुलिस का सहारा लिया।
मामले में थाना जगदीशपुरा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया है।