तिरंगे के रंग में रंगा आगरा, जूता कारोबारियों की यात्रा और महिलाओं की गोष्ठी में गूंजा राष्ट्रप्रेम

आगरा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आगरा में विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने देशभक्ति के रंग में शहर को सराबोर कर दिया। द आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन ने सदर भट्टी से हींग की मंडी तक विशाल तिरंगा यात्रा निकालकर अमर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया, वहीं सर्व समाज महिला समिति ने गोष्ठी आयोजित कर घर-घर तिरंगा फहराने और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने का आह्वान किया।

Aug 14, 2026 - 17:59
Aug 14, 2026 - 18:05
 0
तिरंगे के रंग में रंगा आगरा, जूता कारोबारियों की यात्रा और महिलाओं की गोष्ठी में गूंजा राष्ट्रप्रेम
द आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन ने सदर भट्टी से हींग की मंडी तक निकाली गई तिरंगा यात्रा की एक झलक।

द आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 'एक तिरंगा, एक भारत, एक संकल्प' के ध्येय वाक्य के साथ सदर भट्टी स्थित गीता मंदिर से हींग की मंडी स्थित फेडरेशन कार्यालय तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में फेडरेशन के पदाधिकारियों और जूता व्यापारियों के साथ सरस्वती विद्या मंदिर, बालमुकुंद रामचंद्र बाजारी एवं केजी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं, महिलाओं तथा गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यात्रा में बैंड वादकों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की धुनें प्रस्तुत कीं। मार्ग में कई स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया गया और पुष्प वर्षा की गई। तिरंगा हाथों में लेकर चल रहे लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति का संदेश दिया।

यात्रा में फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा, अजय महाजन, चाँद दीवान, प्रदीप मेहरा, टेकचंद, प्रमोद महाजन, अनिल अरोड़ा, दलप्रीत सिंह, संजय अरोड़ा, फोम एसोसिएशन के अध्यक्ष रामनाथ डंग, श्याम भोजवानी, संजय मगन, धर्मपाल कश्यप, गुन्नी भाई, राजू भाई, घनश्याम रोड़ा, चतरूमल जी, हितेश, हरीश वनजानी, घनश्याम लालवानी और विनोद शीतलानी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

सर्व समाज महिला समिति की गोष्ठी

सर्व समाज महिला समिति की गोष्ठी में मौजूद पदाधिकारी और सदस्याएं।

सर्व समाज महिला समिति ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर संजय प्लेस स्थित पिंच ऑफ स्पाइस रेस्टोरेंट में गोष्ठी आयोजित की। इसमें महिलाओं ने स्वतंत्रता दिवस को घर-परिवार के साथ उत्साह और देशभक्ति की भावना से मनाने को लेकर विचार साझा किए।

गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक घर की छत पर तिरंगा फहराया जाना चाहिए और राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति का उल्लास मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व को केवल सार्वजनिक आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय प्रत्येक परिवार के लिए गौरव और उत्सव का अवसर बनाया जाना चाहिए। इससे नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को मजबूत किया जा सकेगा।

अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है। गोष्ठी में कुक्कू नागपाल, रीता, बलजिंदर, बलविंदर, रेनू, पूनम, रेखा, चुन्नी, लता और शर्मिला आदि उपस्थित रहीं।

तिरंगे संग सड़कों पर उतरीं आगरा कॉलेज आर्मी गर्ल्स विंग की कैडेट्स

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगा रैली निकालतीं आगरा कॊलेज के आर्मी गर्ल्स विंग की कैडेट्स। 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 14 अगस्त 2026 को आगरा कॉलेज आर्मी गर्ल्स विंग की कैडेट्स ने भव्य तिरंगा साइकिल रैली निकाली। रैली का शुभारंभ आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम ने किया।

रैली आगरा कॉलेज से शुरू होकर पचकुइयां चौराहा पहुंची और वापस आगरा कॉलेज परिसर में आकर संपन्न हुई। कुछ कैडेट्स साइकिल और स्कूटर पर सवार थीं, जबकि अन्य कैडेट्स एम.जी. रोड पर हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित ढंग से मार्च करती रहीं। एम.जी. रोड पर मौजूद राहगीरों और दर्शकों ने भी कैडेट्स का उत्साह बढ़ाया और देशभक्ति के नारों में सहभागिता की। हाथों में लहराते तिरंगे और कैडेट्स के जोशीले नारों ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।

आर्मी गर्ल्स विंग की कंपनी कमांडर कैप्टन रीता निगम ने कहा कि 14 अगस्त को “अखंड भारत दिवस” के रूप में मनाया जाता है। रैली के माध्यम से भाषा, धर्म और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया गया।

SP_Singh AURGURU Editor