आगरा में अग्रसेन जयंती की तैयारियां: मेहंदी-संगीत और आमंत्रण यात्रा में उत्सव का रंग

आगरा में अग्र मिलन समिति और अग्र समाज की सक्रिय भागीदारी के साथ महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव की गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। इसी क्रम में शनिवार को आमंत्रण यात्रा, मेहंदी-संगीत समारोह और शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, युवा और वरिष्ठ नागरिक सम्मिलित हुए। महोत्सव का उद्देश्य समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और अग्रवंशियों की परंपराओं को जीवंत बनाए रखना है।

Sep 20, 2025 - 20:22
 0
आगरा में अग्रसेन जयंती की तैयारियां: मेहंदी-संगीत और आमंत्रण यात्रा में उत्सव का रंग
कर्मयोगी एनक्लेव, कमला नगर में निकाली गई आमंत्रण यात्रा में शामिल अग्रबंधु। अन्य चित्र बल्केश्वर में निकली आमंत्रण यात्रा और बुर्जी वाला मंदिर पर हुए कार्यक्रम के हैं।

कर्मयोगी में आमंत्रण यात्रा और मेहंदी-संगीत समारोह

आगरा। अग्र मिलन समिति, कर्मयोगी एनक्लेव कमला नगर द्वारा आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को फव्वारा चौक से भव्य आमंत्रण यात्रा के साथ हुआ। यात्रा में ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और जयघोषों के बीच स्थानीय अग्र बंधु, महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल हुए। वाहन झंडियों से सजाए गए और मार्ग में पुष्प वर्षा कर आमंत्रित अतिथियों का स्वागत किया गया।

सायंकाल महाराजा अग्रसेन डीसी गोयल के निवास पर मेहंदी एवं संगीत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और रानी माधवी शगुन गोयल के हाथों में मेहंदी लगाई। अध्यक्ष पवन बंसल ने बताया कि आगामी कार्यक्रमों में 22 सितम्बर को हवन और भव्य शोभायात्रा, तथा 23 सितम्बर को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह होंगे।

कार्यक्रम में समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं पदाधिकारी सहित अनेक अग्र बंधु उपस्थित रहे। कर्मयोगी चौराहे पर विशेष रूप से अग्रोहा धाम का भव्य महल तैयार किया गया है। शोभायात्रा में मुख्य आकर्षण के रूप में 18 राजकुमारों की झांकी और 18 घोड़ों पर महाराजा अग्रसेन के गौरवशाली इतिहास का चित्रण होगा।

कार्यक्रम में महामंत्री संजय अग्रवाल (तोती भाई), विजय अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल, दिनेश चंद्र मंगल, हरीश गोयल, पवन अग्रवाल, सुमित गर्ग, संचित गोयल, सचिन अग्रवाल, अंकेक्षक सचिन अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, पार्षद कंचन बंसल, नंदकिशोर गोयल, अंजलि गोयल, शिल्पी गर्ग, अंशु अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

बल्केश्वर क्षेत्र में शोभायात्रा की आमंत्रण यात्रा निकाली गई

आगरा। श्री अग्रबंधु सेवा ट्रस्ट की ओर से बल्केश्वर महादेव मंदिर से महाराजा अग्रसेन जयंती शोभायात्रा की आमंत्रण यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ महंत कपिल नागर ने झंडी दिखाकर किया। बाइक पर सवार समिति के युवा अग्रवंशियों को शोभायात्रा में शामिल होने का आमंत्रण देते हुए बल्केश्वर क्षेत्र भ्रमण किया।

संस्थापक अध्यक्ष वीके अग्रवाल ने बताया कि 22 सितम्बर को बल्केश्वर महादेव मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमें विभिन्न झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। शोभायात्रा से पूर्व सुबह 11 बजे महाराजा अग्रसेन पार्क में हवन आयोजित होगा। 23 सितम्बर को अग्रवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह होंगे।

आमंत्रण यात्रा प्रभारी अनिल अग्रवाल व शुभम बंसल ने बताया कि यात्रा का समापन तेज नगर बल्केश्वर पर हुआ। डॉ. अशोक अग्रवाल, अमित ग्वाला, पंकज अग्रवाल सहित अनेक अग्रवंशियों ने इस अवसर पर भाग लिया।

बुजीवला मंदिर में महिला मेहंदी उत्सव और प्रतियोगिताएं

आगरा। श्री अग्रवाल संघ की ओर से प्रताप नगर स्थित बुजीवला मंदिर में महाराजा अग्रसेन जयंती पर अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में अग्र समाज के बच्चे और महिलाएं बढ़-चढ़कर भागीदार बनीं। प्रतियोगिताओं में पोस्टर सजाओ, आर्ट एंड क्राफ्ट, फल-सब्जी सज्जा, कुकिंग विदआउट फायर, दुप्पटा सजाओ, कड़ा सजाओ और धार्मिक भजनों पर अंताक्षरी शामिल थीं।

अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल और महामंत्री राजेश जिंदल ने बताया कि यह कार्यक्रम महाराजा अग्रसेन के सिद्धांत और अग्रवंशियों की परंपरा से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। समन्वयक गौरव बंसल ने कहा कि शनिवार को करीब 600 महिलाएं मेहंदी उत्सव में भाग लेंगी। 22 सितम्बर को जयपुर हाउस और प्रताप नगर से शोभायात्रा में बड़ी संख्या में अग्रवंशीय सहभागी होंगे। 29 सितम्बर को मुंबई के कलाकारों द्वारा ‘द ग्रेट अग्रसेन महाराज’ नाट्य मंचन किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor