आगरा कॉलेज में बीए-एलएलबी की पहली कट-ऑफ घोषित, 18 नवम्बर से होगी काउंसलिंग
आगरा कॉलेज, आगरा ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए बी.ए. एल.एल.बी. (पांच वर्षीय समेकित पाठ्यक्रम) की प्रथम कट-ऑफ मेरिट सूची जारी कर दी है। प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम द्वारा जारी इस सूची में पारदर्शिता, शैक्षणिक उत्कृष्टता, प्रवेश प्रक्रिया की निष्पक्षता और विधि संकाय की गुणवत्ता जैसे प्रमुख मानकों को प्राथमिकता दी गई है।
आगरा। आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सीके गौतम ने बीए-एलएलबी सत्र 2025-26 की प्रथम कट-ऑफ मेरिट सूची जारी कर दी है। उन्होंने बताया कि यह सूची विश्वविद्यालय के निर्धारित मानकों के अनुसार तैयार की गई है। जारी मेरिट सूची में वर्गवार अंक इस प्रकार हैं-
सामान्य वर्ग: 109.20 अंक।
अन्य पिछड़ा वर्ग: 97.66 अंक।
दिव्यांग वर्ग: 66.63 अंक।
अनुसूचित जाति: 93.90 अंक।
अनुसूचित जनजाति: 91.80 अंक।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग: 80.38 अंक निर्धारित किए गए हैं।
काउंसलिंग की तिथियां भी घोषित
बीए-एलएलबी प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर संजीव शर्मा ने बताया कि काउंसलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया विधि संकाय में प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसकी तिथियां हैं- सामान्य वर्ग: 18 नवम्बर 2025, ओबीसी वर्ग: 19 नवम्बर 2025, अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग: 20 नवम्बर 2025, ईडब्ल्यूएस वर्ग: 21 नवम्बर 2025।
अभ्यर्थी ये दस्तावेज लेकर पहुंचें
मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाणपत्र हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की अंकतालिका, जाति, निवास, ट्रांसफर व चरित्र प्रमाणपत्र, दो पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ, कॉलेज ऑनलाइन आवेदन प्रिंट व संलग्न दस्तावेज, तथा 425/- रुपये की रसीद प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रवेश स्वीकृत अभ्यर्थियों को पांच कार्य दिवसों के भीतर शुल्क जमा करना होगा। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वालों का प्रवेश दावा निरस्त माना जाएगा।
प्रवेश में पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर
डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि यह मेरिट लिस्ट विश्वविद्यालय के निर्धारित मानक सूत्र हाईस्कूल 50% + इंटरमीडिएट 100% + अतिरिक्त वेटेज पर आधारित है।
प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने कहा कि आगरा कॉलेज विधि शिक्षा की गुणवत्ता और पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।