आगरा कॉलेज कर्मचारी परिषद चुनाव: जितेंद्र सिंह अध्यक्ष और गौरव शर्मा सचिव चुने गए
आगरा। आगरा कॉलेज शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद का वार्षिक चुनाव शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। परिषद के 255 मतदाताओं में से 245 ने मतदान किया। परिणाम भी आज ही घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर जितेंद्र सिंह जबकि सचिव पद पर गौरव शर्मा विजयी रहे।
अध्यक्ष पद पर जितेंद्र सिंह ने 138 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी राम सहाय को 90 मत मिले जबकि 17 मत निरस्त कर दिए गए। सचिव पद पर गौरव शर्मा ने 156 मतों के साथ जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी सुशील को 74 मत मिले और 15 मत निरस्त हुए।
उपाध्यक्ष पद पर सीताराम सोलंकी ने 183 मत हासिल कर विजय प्राप्त की। इस पद पर विशाल गौर को मात्र 45 मत मिले और 17 मत निरस्त हुए। संयुक्त सचिव पद पर दिवाकर खिरवार को 155 मत मिले और वे विजयी रहे। सुमित शर्मा को 80 मत मिले जबकि 10 मत निरस्त रहे।
कोषाध्यक्ष पद पर अमित जादौन ने 144 मत पाकर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी आशीष माहौर को 81 मत प्राप्त हुए और 17 मत निरस्त रहे।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारी प्राचार्य डॉ. सी.के. गौतम से मिले। इस दौरान प्राचार्य ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दीं और परिषद के कार्यों में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।