आगरा जिला पंचायत का 59 करोड़ का बजट सर्वसम्मति से पारित, ताज महोत्सव की तर्ज पर होगा बटेश्वर मेला, हर ब्लॊक में एक स्मार्ट गांव, मिनी स्टेडियम, रामायण वाटिका, नंदन क्रीड़ास्थल और चिल्ड्रन पार्क के प्रावधान

ग्रामीण विकास को नई गति देने और ‘विकसित गाँव–विकसित देश’ के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में जिला पंचायत आगरा ने बड़ा फैसला लिया है। वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 59 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट पारित कर खेल, सड़क, स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यटन और स्मार्ट विलेज जैसी प्राथमिकताओं को केंद्र में रखा गया है। इस बजट से ग्रामीण आधारभूत ढांचे को सशक्त करने के साथ-साथ रोजगार, पर्यटन और सामाजिक सुविधाओं को व्यापक विस्तार मिलेगा।

Jan 12, 2026 - 18:08
 0
आगरा जिला पंचायत का 59 करोड़ का बजट सर्वसम्मति से पारित, ताज महोत्सव की तर्ज पर होगा बटेश्वर मेला, हर ब्लॊक में एक स्मार्ट गांव, मिनी स्टेडियम, रामायण वाटिका, नंदन क्रीड़ास्थल और चिल्ड्रन पार्क के प्रावधान
जिला पंचायत कार्यालय में बोर्ड बैठक को संबोधित करतीं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, साथ में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह एवं अपर मुख्य अधिकारी उमेश चन्द्र।

आगरा। जिला पंचायत आगरा कार्यालय में सोमवार को आयोजित बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 59 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर मुख्य अधिकारी उमेश चन्द्र सहित जिला पंचायत के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

बजट पारित होने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि अन्त्योदय की भावना के अनुरूप गाँव, किसान, गरीब, महिलाएं और युवाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए यह बजट तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित गांव–विकसित देश’ हमारा मूल मंत्र है और इस बजट के माध्यम से ग्रामीण विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।

बजट में खेल और युवा सशक्तिकरण पर जोर
ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए मिनी स्टेडियम निर्माण हेतु 3 करोड़ रुपये तथा ग्राम पंचायत स्तर पर चिल्ड्रन पार्क निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त खेल सामग्री और प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

स्वच्छता, जल संरक्षण और आधारभूत सुविधाएँ
स्वच्छता एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए सार्वजनिक शौचालय एवं नाली निर्माण हेतु 7 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया। गिरते भूजल स्तर को देखते हुए नए जलाशयों के निर्माण, पुराने जलाशयों के गहरीकरण एवं सौन्दर्याकरण के लिए 4 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

सड़क और ग्रामीण आवागमन को मजबूती
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुदृढ़ करने के लिए नई सड़कों के निर्माण, लेपन और मरम्मत कार्यों हेतु 8 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं आरसीसी खरंजा एवं इंटरलॉकिंग कार्यों के लिए 14 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया है।

स्मार्ट विलेज और आय वृद्धि की योजना
स्मार्ट विलेज योजना के अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक में एक स्मार्ट गांव विकसित करने हेतु 7.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जिला पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से रिक्त भूमि पर दुकानों के निर्माण के लिए 1.5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा जिला पंचायत की भूमि पर रेस्ट हाउस निर्माण हेतु 1.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा
सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बटेश्वर मेले को ताज महोत्सव की तर्ज पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए आवश्यक बजट का प्रावधान किया गया है।
साथ ही रामायण वाटिका एवं नंदन क्रीडास्थल निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

अन्य प्रमुख प्रावधान
विज्ञापन मद में 20 लाख रुपये, आपदा राहत एवं आकस्मिक व्यय के लिए 20 लाख रुपये, वृक्षारोपण एवं ट्री गार्ड के लिए 10 लाख रुपये, तथा कर्मचारियों के वेतन, भत्ते एवं पेंशन हेतु 6 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया।

बैठक में ग्रामीण विकास को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मनरेगा के स्थान पर वीवीजी राम जी अधिनियम लागू किए जाने के समर्थन में सदन द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव भी पारित किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor