आगरा जिले की रैंक गिरी, मंडलायुक्त का समीक्षा में समयबद्धता व पारदर्शिता पर जोर

आगरा। मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने गुरुवार को दो महत्वपूर्ण बैठकों में विकास कार्यों, विभागीय योजनाओं, राजस्व वसूली और शिकायत निस्तारण की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिक योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरा किया जाए। साथ ही जनसंतुष्टि बढ़ाने और सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग सुधारने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया।

Oct 16, 2025 - 19:31
 0
आगरा जिले की रैंक गिरी, मंडलायुक्त का समीक्षा में समयबद्धता व पारदर्शिता पर जोर
आयुक्त कार्यालय सभागार में विकास कार्यों की ममीक्षा करते मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह।

मण्डलीय विकास कार्यों की समीक्षा — रैंकिंग सुधार के निर्देश

आयुक्त सभागार में हुई सीएम डैशबोर्ड एवं मण्डलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में आयुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने विभागवार योजनाओं, जिलों की रैंकिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत, निर्माण और कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया।

बैठक में पाया गया कि आगरा की रैंक गिरकर 43वें स्थान पर आ गई है, जबकि मैनपुरी दूसरे, फिरोजाबाद सातवें और मथुरा 35वें स्थान पर रहे। इस पर आयुक्त ने ग्राम्य विकास, परिवार नियोजन और स्वास्थ्य सेवाओं में विशेष सुधार के निर्देश दिए।

पंचायती राज और मिड-डे मील योजना की समीक्षा में कहा गया कि 15वें वित्त आयोग की धनराशि का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। मथुरा व मैनपुरी में मध्यान्ह भोजन व युवा कल्याण योजनाओं की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए।

गौ संरक्षण और पशुपालन विभाग पर सख्त रुख अपनाते हुए आयुक्त ने सभी आश्रय स्थलों की स्वच्छता और चारा व्यवस्था की जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जहां गौवंश की संख्या कम है, वहां या तो संख्या बढ़ाई जाए या बड़े गौशालाओं में स्थानांतरण किया जाए।

शिक्षा विभाग में परिषदीय विद्यालयों की बाउंड्रीवॉल, फर्नीचर और भवन निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग में आगरा में सबसे कम आयुष्मान कार्ड बनने पर नाराजगी जताई गई और वृद्धजनों को भी योजना से जोड़ने को कहा गया।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, रूफटॉप सोलर, पीएम/सीएम आवास, मनरेगा और विवाह अनुदान जैसी योजनाओं की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए आयुक्त ने समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

यूनीसेफ अभियानों की समीक्षा में कोल्ड चैन मॉनिटरिंग, फॉगिंग और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी, मथुरा, मैनपुरी और फिरोजाबाद के जिलाधिकारी, सभी मुख्य विकास अधिकारी एवं मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।

राजस्व व शिकायत निस्तारण की समीक्षा — आईजीआरएस में गुणवत्तापूर्ण समाधान पर बल

लघु सभागार में आयोजित मण्डल स्तरीय कर-करेत्तर एवं आईजीआरएस समीक्षा बैठक में मण्डलायुक्त ने चारों जनपदों — आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी — में राजस्व वसूली और शिकायत निस्तारण की स्थिति का आकलन किया।

वाणिज्य कर में आगरा की रैंकिंग में गिरावट पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने सुधार के निर्देश दिए। स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी और विद्युत मद में लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया गया। खनिज राजस्व और विधिक माप विज्ञान विभागों की धीमी प्रगति पर भी शीघ्र सुधार के आदेश दिए।

आईजीआरएस समीक्षा में मण्डल की रैंक 15वीं पाई गई, जिस पर असंतोष जताते हुए आयुक्त ने कहा कि केवल रिपोर्टिंग पर्याप्त नहीं, बल्कि प्रत्येक अधिकारी शिकायतकर्ता से बात कर वास्तविक समाधान सुनिश्चित करे।

वृक्षारोपण अभियान में टीटीजेड क्षेत्र से सटे ग्राम समाज की भूमि पर पौधारोपण और मियावाकी पद्धति से पौधे लगाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि लगाए गए पौधों की देखभाल — निराई, गुड़ाई और सिंचाई — नियमित रूप से होनी चाहिए।

इस बैठक में अपर आयुक्त न्यायिक कंचन शरन, अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, जिलाधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी, मथुरा डीएम सी.पी. सिंह, फिरोजाबाद डीएम रमेश रंजन, मैनपुरी डीएम अंजनी कुमार सिंह सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor