आगरा को मिला नया पर्यटन आकर्षण, सुभाष पार्क का सौंदर्यीकरण लोकार्पित
आगरा। मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहायतिनी योजना के अंतर्गत आज सुभाष पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का लोकार्पण पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने किया। इस योजना के तहत पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर पर्यटकों और शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया गया है।

लगभग ₹8.44 करोड़ की लागत से विकसित सुभाष पार्क में आधुनिक लाइटिंग, बच्चों के लिए खेल उपकरण, बोटिंग, वॉकिंग ट्रैक, बैठने की समुचित व्यवस्था और हरियाली का विस्तार किया गया है। इन सुविधाओं से पार्क का रूप पूरी तरह निखर गया है और यह अब आगरा की नई पहचान बनने जा रहा है।
आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) और पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयासों से तैयार इस पार्क से प्रतिवर्ष करीब 5 लाख अतिरिक्त पर्यटकों के आने की संभावना है। इससे न केवल स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी, बल्कि पर्यटन उद्योग को भी सीधा लाभ होगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन और संस्कृति का अभूतपूर्व विकास हो रहा है। आगरा की पहचान सिर्फ ताजमहल तक सीमित न रहे, बल्कि हर गली, हर पार्क और हर धरोहर जगमगाए। इसी संकल्प के तहत सुभाष पार्क को नई पहचान दी गई है।”
कार्यक्रम में आगरा कमिश्नर शेलेन्द्र कुमार सिंह और ADA वीसी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, भाजपा नेता अलौकिक उपाध्याय, नीतेश शिवहरे, सुरेश धाकड़ और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
सुभाष पार्क का यह सौंदर्यीकरण न केवल शहरवासियों के लिए एक मनोरंजन स्थल साबित होगा बल्कि आगरा को पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का काम करेगा।