जानलेवा गड्ढों से कराह रही आगरा-जलेसर रोड, भाजपा नेता 21 अगस्त से जनता के साथ शुरू करेंगे ‘गड्ढा भरो अभियान’
एत्मादपुर (आगरा)। आगरा-जलेसर रोड पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और आगामी त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए भाजपा नेता सीटू चौहान ने सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए ‘गड्ढा भरो अभियान’ शुरू करने की घोषणा की है। अभियान की शुरुआत 21 अगस्त से की जाएगी। इसे लेकर मुढ़ी चौराहे स्थित गोपाल सिंह इंटर कॉलेज में क्षेत्रीय लोगों के साथ बैठक हुई, जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया और हाथ उठाकर अभियान को अपना समर्थन दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए सीटू चौहान ने कहा कि आगरा-जलेसर रोड क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग है, लेकिन लंबे समय से सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। आगामी रक्षाबंधन पर्व के दौरान इस मार्ग पर राहगीरों और परिवारों की आवाजाही बढ़ेगी। ऐसे में त्योहार से पहले सड़क के जानलेवा गड्ढों को भरकर इसे सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 21 अगस्त से व्यापक स्तर पर ‘गड्ढा भरो अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत आगरा-जलेसर रोड पर मौजूद गड्ढों को भरने का काम किया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।
ट्रैक्टर-ट्रॉली और पानी के टैंकर से सहयोग की अपील
सीटू चौहान ने अभियान को सफल बनाने के लिए क्षेत्रीय लोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली है, वे अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ अभियान में सहयोग करें। वहीं जिनके पास पानी के टैंकर हैं, वे पानी के टैंकर उपलब्ध कराकर इस सेवा कार्य में योगदान दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से सड़क को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाया जा सकता है।
बैठक में मौजूद ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों ने सीटू चौहान की पहल का समर्थन किया और अभियान में तन-मन-धन से सहयोग करने का संकल्प लिया। लोगों ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लंबे समय से आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में सड़क के गड्ढे भरने की पहल से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बैठक में मुकेश चौहान, विष्णु चौहान, मुकुट चौधरी, रूपेंद्र प्रधान, महेश शर्मा, भीम बघेल, कुशल पाल चौधरी, रुपेश चौधरी, रिंकल यादव, गजेंद्र चौहान, धर्मवीर प्रजापति, दलबीर सिंह, अजय वकील साहब, नवीन परमार, गज्जू चौहान, अभिषेक परमार, बसंत यादव, विकास पहलवान सहित सैकड़ों क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।