आगरा–झांसी–आगरा टीएसडी रैली को मिला रफ्तार का जुनून, 77 वाहनों के साथ मोटरस्पोर्ट का महाकुंभ

आगरा–झांसी–आगरा टीएसडी रैली 20 फरवरी को शुरू होगी, जिसमें 52 कारें और 25 बाइकें भाग लेंगी। रैली का उद्घाटन अमृत अभिजात करेंगे तथा समापन समारोह में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह विजेताओं को सम्मानित करेंगे। संजय टाकले गेस्ट ऑफ ऑनर होंगे। आयोजन को आगरा नगर निगम और विभिन्न प्रायोजकों का सहयोग प्राप्त है।

Feb 16, 2026 - 21:24
 0
आगरा–झांसी–आगरा टीएसडी रैली को मिला रफ्तार का जुनून, 77 वाहनों के साथ मोटरस्पोर्ट का महाकुंभ
इमेज फोटो

मोटरस्पोर्ट क्लब ऑफ आगरा की पहल पर 20 फरवरी को कोर्टयार्ड बाइ मेरियट से होगी शुरुआत, 52 कारें और 25 बाइकें होंगी शामिल

आगरा। मोटरस्पोर्ट प्रेमियों के लिए रोमांच से भरपूर आगरा–झांसी–आगरा टीएसडी (Time-Speed-Distance) रैली की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजनकर्ता मोटरस्पोर्ट क्लब ऑफ आगरा द्वारा पूरे रैली मार्ग की विस्तृत रोड रैकी पूरी कर ली गई है। आगरा से झांसी और वापसी मार्ग का सूक्ष्म निरीक्षण कर ऐसे भू-भागों का चयन किया गया है, जो प्रतिभागियों को सुरक्षित, चुनौतीपूर्ण और तकनीकी रूप से संतुलित अनुभव प्रदान करें। इस वर्ष रैली में बजाज ऑटो (बजाज चेतक ) और Isuzu Motors India प्रायोजक के रूप में जुड़े हैं, जिससे आयोजन को और मजबूती मिली है।

रैली का शुभारंभ 20 फरवरी को दोपहर 12 बजे कोर्टयार्ड बाइ मेरियट आगरा से किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव (पर्यटन) एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव अम्रत अभिजात हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना करेंगे।

अब तक कुल 52 कारें और 25 बाइकें पंजीकृत हो चुकी हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल विशेषज्ञ एवं ट्रैवल इंफ्लुएंसर्स उत्तर प्रदेश पर्यटन के प्रचार-प्रसार हेतु इसमें भाग लेने आ रहे हैं। आयोजन को नगर निगम का भी सहयोग प्राप्त है, जो इस अवसर पर “स्वच्छ भारत अभियान” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेगा।

विशेष आकर्षण के रूप में पुणे से अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रैली ड्राइवर संजय टाकले गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शामिल होंगे। वे विश्व स्तर की कार रैली के एक सेगमेंट में जीत दर्ज करने वाले एकमात्र भारतीय माने जाते हैं। इसके अतिरिक्त आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार भी कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

झांसी में क्लब प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से भेंट कर आयोजन की रूपरेखा साझा की। जिलाधिकारी ने 22 फरवरी को झांसी कोर्ट परिसर के सामने रैली को हरी झंडी दिखाने की सहमति प्रदान की है और प्रतिभागियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग का आश्वासन दिया है।

रैली का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 22 फरवरी को आयोजित होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में विजेताओं को सम्मानित करेंगे। क्लब पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि यह रैली मोटरस्पोर्ट को बढ़ावा देने के साथ-साथ आगरा और झांसी के बीच पर्यटन एवं खेल सहयोग को नई दिशा देगी।